Lucknow Gomti Nagar Double Murder-Suicide: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सबसे पॉश इलाके गोमतीनगर (gomti nagar) में गुरुवार को एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है। एक शख्स ने आपसी विवाद के चलते अपनी बैंक कर्मचारी पत्नी और अपनी ही बहन को मौत के घाट उतार दिया। दोनों की हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बैंक के बाहर पत्नी पर चलाईं ताबड़तोड़ गोलियां
मृतका की पहचान दिव्या मिश्रा के रूप में हुई है, जो एक निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिव्या अपनी किसी क्लाइंट से मिलने बैंक गयीं थीं। इसी दौरान बैंक के बाहर पहले से घात लगाकर बैठा उनका पति मानस बाजपेई वहां पहुंचा। दोनों के बीच थोड़ी बातचीत हुई और देखते ही देखते मानस ने दिव्या पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दिव्या वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घर पहुंचकर बहन और खुद को मारी गोली
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी मानस मौके से फरार हो गया और सीधे अपने किराए के मकान पर पहुंचा। वहां उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद किया और पहले अपनी बहन को गोली मार दी। इसके तुरंत बाद उसने खुद को भी गोली से उड़ा लिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पारिवारिक कलह बनी खूनी वारदात की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। दिव्या ने करीब एक साल पहले ही पति से तलाक के लिए अदालत में याचिका दायर की थी। दिव्या मशहूर यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन बताई जा रही हैं। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और बैंक व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।







