Sushma Swaraj Death Anniversary : पूर्व विदेश मंत्री और भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर देश के तमाम बड़े नेताओं ने उन्हें याद करते हुए अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस जयशंकर समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और बीजेपी नेताओं ने भारतीय कूटनीति, संसदीय परंपराओं और जनसेवा में उनके अतुलनीय योगदान को नमन किया।
राजनाथ सिंह और अमित शाह ने याद की उनकी सादगी और ओजस्वी वाणी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सुषमा स्वराज एक बेहतरीन वक्ता होने के साथ-साथ अपने बेहद सौम्य व्यवहार के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने अपने संवेदनशील नेतृत्व से भारतीय राजनीति और वैश्विक मंच पर भारत की एक मजबूत छवि पेश की। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें ओजस्वी वक्ता और सादगी की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि विदेश मंत्रालय को सीधे आम जनता से जोड़ने में सुषमा जी की भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी।
केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं ने साझा किए अपने संस्मरण
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उन्हें याद करते हुए लिखा कि उनकी शालीनता, आत्मीयता और उपस्थिति की कमी आज भी महसूस होती है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनोहर लाल, पीयूष गोयल और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अपने विचार साझा किए। शिवराज सिंह ने कहा कि सुषमा दीदी बड़ी बहन की तरह स्नेह रखती थीं, उनके चेहरे पर तेज था और वाणी में अद्भुत ओज समाया हुआ था।
लोकसभा अध्यक्ष और उपराज्यपाल ने बताया प्रेरणा स्रोत
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। नेताओं ने कहा कि राष्ट्र हित के प्रति उनका अटूट समर्पण और संवेदनशील कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों और युवा राजनेताओं के लिए हमेशा एक प्रेरणा स्रोत बनी रहेगी।
यह भी पढ़ें: 7.23% से ज्यादा फीस बढ़ाना पड़ा भारी! Noida-Greater Noida के 7 स्कूलों पर एक्शन | DD News Uttar Pradesh







