15 August Security : 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस का पावन अवसर बस आने ही वाला है। इस दिन देश के प्रधानमंत्री दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराते हैं और देशवासियों को संबोधित करते हैं। इस खास और गौरवशाली दिन के लिए पूरी दिल्ली, खासकर लाल किले के आसपास का इलाका पूरी तरह से छावनी में बदल चुका है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने और सुरक्षा में कोई चूक न होने देने के लिए दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने मिलकर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
15 से 20 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और एनएसजी स्नाइपर्स की पैनी नजर
डीसीपी नॉर्थ राजा बांठिया ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि इस पूरे समारोह की सुरक्षा को दो प्रमुख हिस्सों में बांटा गया है—पहला मैनपावर यानी मानव बल और दूसरा तकनीकी सुरक्षा। सुरक्षा में करीब 15 से 20 हजार जवान तैनात किए जा रहे हैं। इनमें दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक यूनिट, स्पेशल सेल, पीसीआर, स्पेशल ब्रांच के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों की कई कंपनियां और एनएसजी (NSG) के घातक कमांडो शामिल हैं। लाल किले के आसपास के ऊंचे वॉचटावरों पर स्नाइपर्स तैनात रहेंगे, जो हर पल संदिग्ध हलचल पर नजर रखेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ (NDRF) और क्विक रिएक्शन टीमें (QRT) भी अलर्ट मोड पर रहेंगी।
1000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे और आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल
सिर्फ जवान ही नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक के जरिए भी सुरक्षा को बेहद मजबूत बनाया गया है। लाल किले और आसपास के इलाकों में 1,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लाइव फीड पर कंट्रोल रूम में बैठे ट्रेन कर्मचारी चौबीसों घंटे नजर रख रहे हैं। इसके अलावा फेसियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) और नंबर प्लेट रिकग्निशन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की तुरंत पहचान की जा सके। ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मियों को बॉडी-वॉर्न कैमरों से भी लैस किया गया है।
हवा से लेकर सोशल मीडिया तक सख्त पहरा
आसमान से होने वाले किसी भी संभावित खतरे को नाकाम करने के लिए लाल किले के आसपास अत्याधुनिक एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाए गए हैं। यह सिस्टम किसी भी अनधिकृत ड्रोन को तुरंत हवा में ही बेअसर करने में सक्षम है। जमीनी और हवाई सुरक्षा के साथ-साथ दिल्ली पुलिस की साइबर सेल सोशल मीडिया पर होने वाली हर गतिविधि, अफवाहों और चर्चाओं पर भी पैनी नजर बनाए हुए है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जवानों की ब्रीफिंग और रिहर्सल पूरी हो चुकी है और दिल्ली पुलिस इस राष्ट्रीय पर्व को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।







