UP IPS Transfer : उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस सूची में पुलिस कमिश्नर से लेकर एडीजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। सबसे बड़ा बदलाव वाराणसी, प्रयागराज, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में देखने को मिला है। कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ अफसरों के पहले जारी किए गए तबादला आदेश भी निरस्त कर दिए गए हैं। आइए जानते हैं कि इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में किस अधिकारी को कहां भेजा गया है।
UP IPS Transfer List: चार बड़े शहरों के पुलिस कमिश्नर बदले
यूपी आईपीएस ट्रांसफर सूची में सबसे ज्यादा चर्चा चार बड़े शहरों के पुलिस कमिश्नरों के बदलाव को लेकर है। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज भेजा गया है। उन्हें प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।
वहीं, प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को लखनऊ में एडीजी स्थापना की जिम्मेदारी दी गई है। गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। जबकि गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर भेजा गया है।
इसके अलावा लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी किरण एस. को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। इस तरह चार प्रमुख कमिश्नरेट में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
एडीजी और डीआईजी स्तर पर भी बड़ा फेरबदल
पुलिस महकमे में जोन और रेंज स्तर पर भी अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है।
डीआईजी स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अलीगढ़ के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र भेजा गया है। सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा परिक्षेत्र की जिम्मेदारी मिली है। वहीं, आगरा के डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय को अलीगढ़ परिक्षेत्र का डीआईजी बनाया गया है। तकनीकी सेवाएं मुख्यालय में तैनात डीआईजी आशीष तिवारी को सहारनपुर परिक्षेत्र भेजा गया है।
अयोध्या और मुरादाबाद के SSP भी बदले
जिलों के पुलिस कप्तानों में भी बदलाव किया गया है। अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का नया एसएसपी बनाया गया है। वहीं, मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा कमिश्नरेट में तैनात कई डीसीपी के भी तबादले किए गए हैं। कानपुर नगर के डीसीपी दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज भेजा गया है, जबकि प्रयागराज के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर में नई तैनाती मिली है। गौतमबुद्धनगर की डीसीपी सुनीति को एसपी डीजीपी मुख्यालय लखनऊ बनाया गया है। प्रीति यादव को सेनानायक 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा और आकाश तोमर को एसपी पुलिस अकादमी मुरादाबाद भेजा गया है।
तीन IPS अधिकारियों के पुराने तबादले निरस्त
इस प्रशासनिक फेरबदल में 2020 बैच के तीन आईपीएस अधिकारियों के पहले जारी किए गए तबादला आदेश भी निरस्त कर दिए गए हैं। इनके लिए नई तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं। इसके तहत पुनीत द्विवेदी को अपर पुलिस उपायुक्त गाजियाबाद, नीतू को अपर पुलिस उपायुक्त लखनऊ और अमित कुमावत को अपर पुलिस उपायुक्त आगरा बनाया गया है।
PAC और अन्य विभागों में भी मिली नई जिम्मेदारी
तबादला सूची में पीएसी और अन्य पुलिस इकाइयों में तैनात अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। नरेंद्र कुमार सिंह को एसपी पीटीसी सीतापुर, डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय को एसपी कारागार प्रशासन लखनऊ और त्रिभुवन सिंह को एसपी जीआरपी मुख्यालय लखनऊ बनाया गया है। इसी तरह राजेश कुमार श्रीवास्तव को एसपी अभिसूचना मुख्यालय, सुशील कुमार शुक्ला को एसपी पीटीएस गोरखपुर और अजीत कुमार सिन्हा को एसपी पावर कॉर्पोरेशन लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस तरह उत्तर प्रदेश में जारी 28 आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची में कमिश्नरेट, जोन, रेंज और जिला स्तर पर कई अहम बदलाव किए गए हैं।






