West Bengal में संदिग्ध आतंकी और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े मामले में सुरक्षा एजेंसियों को एक और सफलता मिली है। राज्य STF (Special Task Force) ने अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए Howrah इलाके से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। जैश-ए-मोहम्मद के जुड़े संदिग्ध आरोपी हमीम मंडल और उसकी सहयोगी अर्पिता सरकार की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में यह तीसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
पकड़े गए नए आरोपी की पहचान आदित्य सिंह उर्फ राज के रूप में हुई है, जिसे हावड़ा के बेलिलियस रोड स्थित उसके निवास से हिरासत में लिया गया। आइए जानते हैं कि इस नेटवर्क में उसकी क्या भूमिका थी और यह पूरा मामला क्या है।
ऑनलाइन गेमिंग ऐप (online gaming app) से हुई थी नेटवर्क की शुरुआत
जांच एजेंसियों के दावे के अनुसार, आदित्य सिंह और मुख्य आरोपी हमीम मंडल का संपर्क सबसे पहले एक ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए हुआ था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और हमीम ने उसे अपने नेटवर्क से जोड़ लिया।
इस सिंडिकेट में आदित्य की भूमिका मुख्य रूप से एक ‘लोकल खबरी’ और जासूस की बताई जा रही है। वह वीआईपी हस्तियों की गतिविधियों की पल-पल की जानकारी जुटाकर मुख्य आरोपी तक पहुंचाता था। आरोप है कि वह राज्य मंत्री उमेश राय और उनके परिवार की लगातार रेकी कर रहा था।
ब्लैकमेलिंग और फिरौती की योजना का खुलासा
मामले की जांच में यह बात भी सामने आई है कि हाल ही में चुनाव के बाद राज्य मंत्री उमेश राय को जो धमकी भरा कॉल मिला था, उसके पीछे भी इसी आरोपी का हाथ होने का अंदेशा है। इस गिरोह का मकसद मंत्री के परिवार को टारगेट कर ब्लैकमेलिंग और अपहरण के जरिए भारी रकम वसूलना था।
सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि यह पूरा नेटवर्क पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क और आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सीधे संपर्क में था। मुख्य आरोपी के पास से महत्वपूर्ण राजनीतिक हस्तियों के रूट और समय सारणी से जुड़े गोपनीय दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।
पूछताछ के बाद हो सकती हैं और गिरफ्तारियां
पश्चिम बंगाल में सीमा-पार से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क की गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा बल पूरी तरह अलर्ट पर हैं। फिलहाल एसटीएफ गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में मिलने वाली जानकारियों के आधार पर इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान होगी और जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें: Ghazipur: मुख्तार गैंग के शार्प शूटर पर कार्रवाई…Angad Rai की साढ़े नौ करोड़ संपत्ति कुर्क
