Weather Update : देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदलने लगा है। चक्रवाती तूफान के कमजोर होने के बाद उसका बचा हुआ हिस्सा डिप्रेशन के रूप में पूर्वी तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश के आसपास सक्रिय बना हुआ है। इस वेदर सिस्टम के असर से दक्षिण भारत से लेकर उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और ठंडक का अहसास होने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के करीब 15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है।
देश भर में मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के मुताबिक, इस मौसमी बदलाव के चलते कई इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और ठंडी हवाएं चलने के आसार हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे सुबह और शाम को हल्की ठंड महसूस होने लगी है।
यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। यूपी के गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, कानपुर, मुरादाबाद, मथुरा और सोनभद्र में 35 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना है। वहीं, बिहार के पटना, गया, बक्सर, सीतामढ़ी और दरभंगा समेत तमाम जिलों में आंधी-पानी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी झमाझम बारिश के संकेत मिले हैं। बंगाल के कुछ इलाकों में हवा की गति 50 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और दक्षिण में भारी बारिश का दौर
मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम बदल गया है। यहाँ बारिश के साथ-साथ ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और फिसलन का खतरा बढ़ने के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। दूसरी ओर, दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी भारी बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) की चेतावनी जारी की गई है।
READ MORE : हाथरस में मकान में लगी भीषण आग, जिंदा जले बुजुर्ग दंपति, इलाके में मचा हड़कंप







