UP Electricity Supply : यूपी में त्योहारों पर 24 घंटे मिलेगी बिजली, ऊर्जा विभाग ने जारी किए निर्देश

Share This Article

UP Electricity Supply : त्योहारी सीजन में उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। धनतेरस, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान घरों में रोशनी, बाजारों की रौनक और पूजा-पाठ की तैयारियों में कोई बाधा न आए, इसके लिए यूपी ऊर्जा विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। राज्य सरकार ने प्रदेश के गांवों से लेकर शहरों तक 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद ने विभागीय अधिकारियों और डिस्कॉम के साथ हुई बैठक में साफ कहा कि त्योहारों के इस बड़े अवसर पर बिजली सप्लाई किसी भी कीमत पर बाधित नहीं होनी चाहिए। अगर किसी इलाके में तकनीकी खराबी के कारण पावर कट की स्थिति बनती है, तो उसे पहली प्राथमिकता के आधार पर तुरंत ठीक कराकर सप्लाई बहाल की जाए। त्योहारों में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए अधिकारियों को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है।

ढीले तारों और झुके पोलों को दुरुस्त करने के निर्देश

ऊर्जा विभाग ने सिर्फ बिजली सप्लाई ही नहीं, बल्कि आम जनता और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सख्त गाइडलाइंस जारी की हैं। जिन इलाकों में बिजली के तार ढीले लटके हैं या खंभे झुके हुए हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से ठीक किया जा रहा है। इसके अलावा, घरों की छतों और विशेष रूप से स्कूलों की छतों के ऊपर से गुजरने वाली हाईटेंशन व सामान्य बिजली लाइनों को तय समयसीमा के भीतर व्यवस्थित या हटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय हादसे से बचा जा सके।

बिजली कटने पर हेल्पलाइन 1912 और कंट्रोल रूम की मदद

त्योहार के दौरान यदि किसी क्षेत्र में अचानक बिजली गुल होती है या वोल्टेज की समस्या आती है, तो उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए जिला स्तर से लेकर डिस्कॉम स्तर तक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। प्रमुख सचिव ने बिजली हेल्पलाइन नंबर 1912 की निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं ताकि जनता की शिकायतों का तुरंत संज्ञान लेकर त्वरित निस्तारण किया जा सके।

READ MORE : हाथरस में मकान में लगी भीषण आग, जिंदा जले बुजुर्ग दंपति, इलाके में मचा हड़कंप

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This