Election Commission : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं से पहले चुनाव आयोग ने प्रदेश के पात्र नागरिकों के लिए एक बड़ी राहत भरी योजना तैयार की है। राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद यह बात सामने आई है कि करीब 1 करोड़ 27 लाख ऐसे पात्र लोग हैं, जिनके नाम वर्तमान विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। अब चुनाव आयोग इन सभी छूटे हुए लोगों के नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराने के लिए एक व्यापक और विशेष अभियान चलाने जा रहा है।
यूपी वोटर लिस्ट नाम जुड़वाने का अभियान
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जानकारी दी कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर ‘विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027’ के तहत यह बड़ा अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में मुख्य रूप से 18-19 वर्ष के युवा मतदाताओं और महिलाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। प्रशासन ने विभिन्न सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों और स्वास्थ्य तंत्र का सहयोग लेकर हर पात्र नागरिक तक पहुँचने की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली है।
पंचायत लिस्ट और राशन दुकानों से होगी पहचान
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, लगभग 66 लाख ऐसे मतदाता हैं जिनका नाम पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में तो है, लेकिन SIR के बाद जारी फाइनल असेंबली वोटर लिस्ट से गायब है। वहीं 55 लाख ऐसे नागरिक हैं जो विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं, पर मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं हैं।
इस खाई को पाटने के लिए विधानसभा की मतदाता सूची का मिलान पंचायत व निकाय की सूचियों से किया जाएगा। इसके अलावा, सरकारी सस्ते गल्ले (राशन) की दुकानों से राशन कार्ड में दर्ज 18 वर्ष से ऊपर के छूटे हुए सदस्यों को चिह्नित कर उनसे फॉर्म-6 भरवाया जाएगा।
युवाओं और महिलाओं के लिए विशेष पहल
युवाओं का पंजीकरण बढ़ाने के लिए स्कूलों-कॉलेजों में बने ‘इलेक्टर साक्षरता क्लब’ (ELC), एनसीसी (NCC), एनएसएस (NSS) और नेहरू युवा केंद्र की मदद ली जाएगी। कक्षा 9 और उससे ऊपर के 18-19 साल के पात्र विद्यार्थियों को चिह्नित कर उनका नाम जोड़ा जाएगा।
वहीं, महिला मतदाताओं का अनुपात सुधारने के लिए स्वास्थ्य और बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, एएनएम (ANM) और स्वंय सहायता समूह की ‘समूह सखियों’ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये कार्यकर्ता घर-घर जाकर ऐसी पात्र महिलाओं की पहचान करेंगी और फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएंगी।
READ MORE : हाथरस में मकान में लगी भीषण आग, जिंदा जले बुजुर्ग दंपति, इलाके में मचा हड़कंप







