Weather Alert: उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में मौसम में बदलाव, पश्चिमी यूपी में ओलावृष्टि की संभावना

मौसम

Share This Article

देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट लेना शुरू कर दिया है। कड़ाके की ठंड और फिर दिन के तापमान में बढ़ोतरी के बाद अब मौसम विभाग ने तेज़ बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। खासकर उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले दिनों मौसम काफी सक्रिय रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार अनुमान

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आगामी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में 22 जनवरी की देर शाम या रात को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बारिश शुरू होने की संभावना है। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 23 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश हो सकती है। इसके बाद 24 जनवरी को बारिश में कमी आने की उम्मीद है और 25 जनवरी से मौसम शुष्क होने की संभावना है। राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, जम्मू कश्मीर और लद्दाख में 22 और 23 जनवरी को बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में भी कल बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में आज और कल 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

तापमान और कोहरा

उत्तर पश्चिमी भारत में दिन के तापमान में बढ़ोतरी जारी रहने की उम्मीद है, लेकिन अगले दो दिनों तक बारिश और खराब मौसम के चलते इसमें गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान फिर बढ़ने लगेगा।

महाराष्ट्र में भी तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

कोहरा और धुंध का असर 23 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में रहेगा। पश्चिम उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी कोहरे की चेतावनी जारी है।

यह भी पढ़ें: IND vs NZ: अभिषेक शर्मा का तूफान, रिंकू सिंह का फिनिशिंग टच: नागपुर में सूर्या ब्रिगेड ने न्यूजीलैंड को 48 रन से रौंदा

उत्तराखंड और राजस्थान में मौसम अलर्ट

मौसम विभाग ने 23 जनवरी को उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी है। शासन ने सभी संबंधित एजेंसियों को एलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

राजस्थान में गुरुवार को 6 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में बारिश का यह सिलसिला फिलहाल थमने वाला नहीं है और अगले सप्ताह एक और सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते 26 से 28 जनवरी के बीच मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।

ओलावृष्टि का अलर्ट – पश्चिमी उत्तर प्रदेश

23 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ ओले गिरने की प्रबल संभावना है। मुख्य प्रभावित जिले हैं:

बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं।

इस दौरान किसानों, वाहन चालकों और सामान्य नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश मौसम अपडेट: कोहरे में कमी, ठंड से राहत; 22 जनवरी से बारिश के आसार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This