Varanasi Dal Mandi Road : धार्मिक नगरी काशी यानी वाराणसी से एक बहुत ही बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से चर्चा में रही दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण परियोजना अब ज़मीन पर उतरने जा रही है। रविवार को सावन के पवित्र महीने में प्रदोष व्रत से ठीक पहले, शहर दक्षिणी के विधायक डॉक्टर नीलकंठ तिवारी ने चौक प्रवेश मार्ग पर मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ इस प्रोजेक्ट का भूमि पूजन किया। इस खास मौके पर स्थानीय पार्षद और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।
221 करोड़ की लागत से चौड़ा होगा 650 मीटर लंबा रास्ता
यह परियोजना उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक है। लगभग 221 करोड़ रुपये की लागत से चौक से नई सड़क तक जाने वाले करीब 650 मीटर लंबे मार्ग को 17.4 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। इस मार्ग के चौड़ा होने से दालमंडी जैसे व्यस्त इलाके में लगने वाले भीषण जाम से स्थानीय लोगों और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
सड़क को चौड़ा करने के रास्ते में जो भी संपत्तियां आ रही थीं, उनके ध्वस्तीकरण का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। प्रशासन ने पारदर्शी तरीके से करीब 150 करोड़ रुपये का मुआवजा देकर भवनों का अधिग्रहण किया। इस परियोजना के दायरे में कुल 181 भवन और 6 मस्जिदें शामिल थीं। इतना ही नहीं, यूपी पुलिस ने भी सड़क चौड़ीकरण के लिए चौक थाने का एक हिस्सा इस प्रोजेक्ट के लिए दिया है। आपको बता दें कि इस परियोजना की शुरुआत पिछले साल धनतेरस के दिन पहली रजिस्ट्री के साथ हुई थी।
काशी के इस ऐतिहासिक इलाके का बदलेगा स्वरूप
भूमि पूजन के बाद अब सड़क निर्माण का काम तेजी से शुरू होने वाला है। जब यह प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा, तो न सिर्फ यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि दालमंडी और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन बेहद आसान हो जाएगा। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और काशी के इस महत्वपूर्ण इलाके को एक नया, भव्य और व्यवस्थित स्वरूप देखने को मिलेगा।







