Varanasi कैंट रेलवे स्टेशन ज्वेलरी बरामद: Varanasi के कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान एक बड़ा मामला सामने आया है। राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने प्लेटफॉर्म पर गश्त के दौरान दो युवकों को हिरासत में लिया है। उनके पास से बैग में भारी मात्रा में सोने और हीरे की ज्वेलरी मिली है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.95 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध हालत में घूमते दिखे युवक
GRP के जवान जब प्लेटफॉर्म नंबर 6 और 7 पर गश्त कर रहे थे, तो उन्हें दो युवक काफी संदिग्ध स्थिति में घूमते हुए दिखाई दिए। जब जवानों ने रोककर उनसे सामान्य पूछताछ की, तो वे घबरा गए और सही-सही जवाब नहीं दे पाए। शक गहराने पर जब पुलिस ने उनके पास मौजूद बैग की तलाशी ली, तो उसमें से कीमती आभूषण बरामद हुए। इन गहनों में हीरे जड़ी महंगी घड़ी, भारी सोने की चेन, कई अंगूठियां और अन्य कीमती सामान शामिल हैं।
गुजरात के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
शुरुआती जांच में सामने आया है कि हिरासत में लिए गए दोनों युवक गुजरात के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान उन्होंने दावा किया कि वे इन गहनों की खेप को सूरत से जौनपुर लेकर जा रहे थे। हालांकि, जब पुलिस ने इन करोड़ों रुपये के आभूषणों से जुड़े खरीद-बिक्री के बिल या परिवहन के वैध कागजात मांगे, तो वे कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाए।
मामले की गंभीरता और बड़ी रकम को देखते हुए GRP ने तुरंत आयकर विभाग (Income Tax Department) को सूचित कर दिया। अब आयकर विभाग की टीम भी जांच में जुट गई है। एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस ज्वेलरी का असली मालिक कौन है, इसे किसे दिया जाना था और क्या इसके पीछे टैक्स चोरी या कोई गैर-कानूनी नेटवर्क तो नहीं है। कागजातों की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Amroha 3 sisters wedding: विरोध और ट्रोलिंग के बीच पुलिस से बोलीं युवतियां- ‘अपनी मर्जी से चुना पति’







