Varanasi Airport: उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Lal Bahadur Shastri Airport) पर रविवार की सुबह 09:30 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। सुरक्षा जांच के दौरान अचानक हुई फायरिंग में दो लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। आइए जानते हैं कि यह पूरा मामला आखिर क्या था।
कैसे हुई यह घटना?
यह हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ, जब आजमगढ़ का रहने वाला एक यात्री अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाने की तैयारी कर रहा था। उस यात्री के पास अपनी लाइसेंसी पिस्तौल थी, जिसकी जानकारी उसने अधिकारियों को दे दी थी। लेकिन हथियार की जांच के दौरान अचानक एक राउंड गोली चल गई। गोली फर्श से टकराने के बाद पास खड़े दो सिक्योरिटी स्क्रीनर्स को जा लगी।
घायलों का चल रहा है इलाज
इस अचानक हुई फायरिंग में एक महिला स्क्रीनर की जांघ पर और एक युवक के हाथ में गोली लगी है। घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए पास के न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वाराणसी पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी है और पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें: UP Government : योगी सरकार का बड़ा फैसला, एनालॉग पनीर-क्रीम-खोवा की बिक्री पर रोक | DD News Uttar Pradesh







