UP Weather Alert : सक्रिय मानसून के चलते राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया है। शुक्रवार को दिन भर बादलों की आवाजाही के बीच रुक-रुककर हुई हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को उमसभरी गर्मी से बड़ी राहत पहुंचाई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
लखनऊ समेत 40 जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ समेत प्रदेश के 40 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और मूसलाधार बारिश होने का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 17 अगस्त तक पूरब से लेकर पश्चिम तक बारिश का यह सिलसिला जारी रहेगा। मानसून की इस सक्रियता से अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से पूरी राहत मिलेगी।
इन जिलों में होगी भारी बारिश
शनिवार को बांदा, चित्रकूट, सोनभद्र, मिर्जापुर, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल और महोबा समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़ और वाराणसी समेत लगभग 40 जिलों में धूल भरी तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी यूपी के साथ मध्य और पश्चिमी जिलों में 19 अगस्त तक बारिश का दौर लगातार बना रहेगा।
सीतापुर में दर्ज की गई सबसे ज्यादा बारिश
शुक्रवार को हुई बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में सबसे ज्यादा 124.6 मिमी बारिश सीतापुर जिले में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा गोरखपुर में 101.8 मिमी, मुरादाबाद में 89.2 मिमी, कन्नौज में 81.8 मिमी, मिर्जापुर में 77 मिमी और लखनऊ में 48.4 मिमी बारिश दर्ज हुई। लगभग 45 जिलों में दिन का पारा सामान्य से नीचे चला गया है, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई है।
Read more : योगी सरकार का बड़ा फैसला, एनालॉग पनीर-क्रीम-खोवा की बिक्री पर रोक | DD News Uttar Pradesh







