UP Youth Policy : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए एक बेहद महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उन्होंने राज्य में एक एकीकृत युवा नीति (Integrated Youth Policy) तैयार करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही युवाओं के कार्यक्रमों की सतत मॉनिटरिंग और नए सुझावों के लिए विशेषज्ञों की सहभागिता वाला ‘राज्य युवा आयोग’ गठित करने की संभावनाओं पर काम करने को कहा गया है।
16 से 35 वर्ष के युवाओं की जरूरतों को समझकर बनेगी नई नीति
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि नई युवा नीति का खाका तैयार करने से पहले प्रदेश के 16 से 35 वर्ष के आयु वर्ग के युवाओं की आकांक्षाओं को समझा जाए। इसके लिए छात्रों, खिलाड़ियों, शोधार्थियों, स्टार्टअप उद्यमियों और युवा पेशेवरों को नीति निर्माण प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा। सरकार आम जनता और युवाओं से सीधे सुझाव आमंत्रित करने के लिए इसे सार्वजनिक डोमेन पर भी उपलब्ध कराएगी, ताकि नीति पूरी तरह से व्यावहारिक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप हो सके।
आधुनिक कौशल विकास, AI और रोबोटिक्स पर रहेगा विशेष जोर
युवाओं को भविष्य की चुनौतियों और रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करने के मकसद से आधुनिक तकनीकों पर आधारित कौशल विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके तहत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), रोबोटिक्स, साइबर सुरक्षा, ड्रोन और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों में युवाओं को प्रशिक्षण मिलेगा। हर जिले में यूथ इन्क्यूबेशन सेंटर, स्टार्टअप प्रोत्साहन और करियर मार्गदर्शन के लिए एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म भी तैयार किया जाएगा।
अभ्युदय कोचिंग का होगा विस्तार और हर पंचायत में बनेंगे खेल मैदान
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए संचालित ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना’ को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। सीएम योगी ने इसका विस्तार विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों तक करने और युवा IAS-IPS अधिकारियों को मेंटर के रूप में जोड़ने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए हर ग्राम पंचायत में खेल का मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और मंडल स्तर पर हाई परफॉर्मेंस सेंटर बनाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: NHAI Action on Lucknow-Kanpur Expressway: टोल फ्री हुआ मार्ग, लापरवाह अधिकारी सस्पेंड। DD News Uttar Pradesh







