UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में लगातार तीन दिनों तक हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है और आखिरकार प्रदेश में ठंड ने अपनी दस्तक दे दी है। सोमवार की सुबह वाराणसी, गोरखपुर और देवरिया समेत 10 से अधिक जिलों में घने कोहरे की चादर देखने को मिली। वाराणसी में सुबह सात बजे दृश्यता (Visibility) घटकर मात्र 200 मीटर के करीब रह गई, जिसका सीधा असर विमान सेवाओं पर भी पड़ा। कोहरे के कारण बेंगलुरु और दिल्ली से वाराणसी आने वाली इंडिगो की दो फ्लाइट्स यहां लैंड नहीं कर सकीं, जिन्हें सुरक्षा कारणों से लखनऊ एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट करना पड़ा।
दिन के तापमान में 8 डिग्री तक की भारी गिरावट
बारिश के बाद अवध और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में धूप बेहद कमजोर पड़ गई है। इसके चलते दिन के अधिकतम तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, कई स्थानों पर रात का पारा लुढ़ककर 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जिससे सुबह और शाम के समय सर्दी का अहसास काफी बढ़ गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को लखनऊ, कानपुर और प्रयागराज जैसे प्रमुख शहरों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है, हालांकि सोनभद्र में अभी भी हल्की बारिश का अलर्ट बना हुआ है।
अक्टूबर में सामान्य से 14% अधिक बरसे बदरा
मौसम विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो अक्टूबर के महीने में उत्तर प्रदेश में कुल 32.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य औसत 28.2 मिमी रहता है। इस तरह इस बार अक्टूबर में सामान्य से करीब 14% ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई।
वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवातीय तंत्र का यूपी पर सीधा असर नहीं होगा, लेकिन नवंबर के महीने में पूर्वी उत्तर प्रदेश (पूर्वांचल) के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। पूर्वांचल में तापमान सामान्य या उससे कम रहने के आसार हैं, जिससे आने वाले दिनों में ठंड और ज्यादा तेवर दिखा सकती है।
यह भी पढ़ें: Azam Khan News: Rampur जेल से बाहर आते ही फिर गिरफ्तार, PMLA कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा







