Florida Plane Crash : अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के पाम बीच काउंटी में 1 नवंबर को एक भीषण विमान हादसा हो गया। ऑस्टिन (टेक्सास) से बहामास की ओर जा रहा ‘लियरजेट 60’ विमान अचानक आसमान से तेजी से नीचे गिरा और सड़क पर जोर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
टक्कर के तुरंत बाद विमान में भयानक आग लग गई और पूरा इलाका आग के गोले में तब्दील हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि जमीन पर मौजूद कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया। अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, हादसे से ठीक पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित किया था कि विमान पर बर्फ जम रही है। उस समय आसमान में बाहर का तापमान माइनस 47 डिग्री सेल्सियस था और विमान भारी टर्बुलेंस (हवा के झटकों) का सामना कर रहा था। पायलट ने ऊंचाई बढ़ाने की अनुमति मांगी ही थी कि अचानक हालात बेकाबू हो गए। पायलट ने आनन-फानन में इमरजेंसी घोषित की और बताया कि विमान 8,000 फीट की ऊंचाई से बेहद तेज गति से नीचे की तरफ गिर रहा है।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट ADS-B Exchange के आंकड़ों के अनुसार, विमान ने महज एक मिनट के भीतर करीब 27,000 फीट की ऊंचाई गंवा दी और उसकी गिरने की रफ्तार 20,000 फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई थी। विमान पाम बीच काउंटी में मिलिट्री ट्रेल के पास सड़क पर आ गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया और मलबा दूर-दूर तक फैल गया। सुरक्षा के लिहाज से पास के मोबाइल होम पार्क के करीब 600 लोगों को सुरक्षित अस्थायी राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। फिलहाल FAA और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) मामले की जांच कर रहे हैं कि हादसा बर्फ जमने से हुआ या किसी तकनीकी खराबी की वजह से।
यह भी पढ़ें: Azam Khan News: Rampur जेल से बाहर आते ही फिर गिरफ्तार, PMLA कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा







