UP News : उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और गमगीन कर देने वाली खबर सामने आई है। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली गांव में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया, जब करीब 100 साल पुराना एक जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। देखते ही देखते हंसता-खेलता परिवार मलबे के नीचे दब गया और एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई।
देर रात 2 बजे हुआ हादसा और चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव का मकान काफी पुराना और जर्जर हो चुका था। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण रात लगभग एक से दो बजे के बीच पहली मंजिल का कमरा अचानक नीचे आ गिरा। तेज धमाके और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घंटों रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत से पसरा मातम
अस्पताल पहुंचाए जाने पर डॉक्टरों ने परिवार के छह सदस्यों—प्रमोद श्रीवास्तव, रीता श्रीवास्तव, नितिन श्रीवास्तव, माधुरी श्रीवास्तव, माधव और मासूम अद्विक को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव के 28 वर्षीय बेटे अमन किस्मत से सुरक्षित बच गए, जिनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। इस घटना से पूरे गांव में सन्नाटा और मातम का माहौल है।
सीएम योगी ने जताया दुख और आर्थिक सहायता का ऐलान
इस दुखद घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। सीएम के निर्देश पर जिला प्रशासन और जिलाधिकारी अभिषेक पांडे ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए 4-4 लाख रुपये प्रति मृतक की दर से कुल 26.20 लाख रुपये की सहायता राशि परिजनों को सौंप दी गई है।
यह भी पढ़ें: 7.23% से ज्यादा फीस बढ़ाना पड़ा भारी! Noida-Greater Noida के 7 स्कूलों पर एक्शन | DD News Uttar Pradesh







