उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती (Shravasti) में 10 साल की मासूम के साथ दरिंदगी के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिस उम्र में बच्चियों के हाथों में खिलौने होने चाहिए। उस उम्र में एक मासूम को ऐसी पीड़ा से गुजरना पड़ा। जिसको शायद कभी भुलाया नहीं जा सकता। लेकिन अब इस मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद पीड़िता और उसके परिवार को इंसाफ की उम्मीद जरूर जगी है। आरोपी शंकर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आरोपी को घटनास्थल पर ले जाने के दौरान आरोपी ने पुलिस की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिसकी जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया है।
रेप आरोपी पर पुलिस का शिकंजा
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के लोनियनपुरवा गांव में 22 सितंबर को एक 10 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात सामने आई, जिसके बाद जांच में जुटी पुलिस ने आरोपी शंकर को गिरफ्तार कर उसके पास से घटना के वक्त पहने कपड़े बरामद किए। जब पुलिस टीम आरोपी को उसकी निशानदेही पर घटनास्थल ले जाकर वापस लौट रही थी, तभी उसने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई।
मुठभेड़ के बाद मौके पर फील्ड यूनिट की टीम पहुंची और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की। फिलहाल घायल आरोपी का इलाज सीएचसी में जारी है, वहीं इस मामले में पुलिस, बरामद साक्ष्यों को जांच में शामिल कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

