Shivraj Singh Chouhan Farmer leaders Meeting: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 10 सितंबर को नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में देश के प्रमुख किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक करने जा रहे हैं। शाम 4 बजे होने वाली इस उच्चस्तरीय बैठक में प्रस्तावित नए ‘सीड एक्ट’ (Seed Act) के मसौदे पर सीधे किसानों के सुझाव लिए जाएंगे।
नकली बीजों पर शिकंजा कसने की तैयारी
इस राष्ट्रीय विमर्श का मुख्य मकसद बाजार में घटिया, मिलावटी और अमानक बीज बेचने वाले कारोबारियों पर नकेल कसना है। अक्सर खराब गुणवत्ता वाले बीजों के कारण किसानों की महीनों की मेहनत और गाढ़ी कमाई डूब जाती है।
प्रस्तावित नए कानून के तहत ऐसी फर्जी कंपनियों और विक्रेताओं के खिलाफ भारी जुर्माने और जेल की सजा जैसे सख्त प्रावधान शामिल किए जा रहे हैं। सरकार की कोशिश एक ऐसा पारदर्शी ट्रेसिंग सिस्टम बनाने की है जो बीजों की गुणवत्ता सुनिश्चित करे और किसानों के पारंपरिक बीजों के अधिकारों की भी रक्षा कर सके।
देशभर से जुटेंगे प्रमुख किसान प्रतिनिधि
इस महत्वपूर्ण बैठक में देश के कोने-कोने से किसान प्रतिनिधि एक मंच पर उपस्थित रहेंगे। इसमें भारतीय किसान संघ, बीकेयू के विभिन्न घटक, अखिल भारतीय किसान समन्वय समिति, किसान महापंचायत, भारतीय कृषक समाज और सोसाइटी फॉर इंडिपेंडेंट फार्मर्स एसोसिएशन का शीर्ष नेतृत्व शामिल होगा।
इसके साथ ही कर्नाटक और तेलंगाना के रैयत संघ, महाराष्ट्र का शेतकारी संगठन, गुजरात का खेदुत समाज, राजस्थान व बिहार की राष्ट्रीय किसान प्रोग्रेसिव एसोसिएशन और तमिलनाडु, झारखंड व केरल के जमीनी प्रतिनिधि भी कृषि मंत्री के समक्ष अपनी बात रखेंगे।
यह भी पढ़ें: BRICS Summit 2026: नई दिल्ली में आयोजित होगा 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन, जानें बैठकों का पूरा शेड्यूल







