PM Modi Gujarat Visit: शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे राज्य को 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और बनासकांठा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही, वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) की 24वीं किस्त के रूप में 19,000 करोड़ रुपये जारी करेंगे।
कृषि, डेयरी और पशुपालन क्षेत्र को प्रोत्साहन
बनासकांठा के भीलडी में पीएम मोदी ने एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (ईटी-आईवीएफ) लैब का उद्घाटन किया और इसी के साथ वें 127 एकड़ में फैले ‘भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह केंद्र कांकरेज नस्ल के मवेशियों को समर्पित देश का पहला केंद्र है, जिससे नस्ल सुधार की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए वे थराद और राधनपुर में बनास डेयरी के दो बायो-सीएनजी संयंत्रों की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा, कृषि अवसंरचना कोष की 4,950 करोड़ रुपये लागत वाली 521 परियोजनाओं, साणंद में आलू प्रसंस्करण संयंत्र के विस्तार और पालनपुर में अल्ट्रा-हाई-टेम्परेचर (यूएचटी) उत्पादों के लिए स्वचालित प्रणाली शुरू करेंगे।
परिवहन और सामाजिक बुनियादी ढांचा
प्रधानमंत्री निम्नलिखित प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे:
–अहमदाबाद मेट्रो: पीएम अहमदाबाद में फेज-2ए (हवाई अड्डे तक) और फेज-2बी (गिफ्ट सिटी से शाहपुर) का शिलान्यास करेंगे। फेज-2ए के अंतर्गत हवाई अड्डे तक 6 किलोमीटर से अधिक लंबा विस्तार प्रस्तावित है, जिसमें कोटेश्वर रोड से हवाई अड्डे तक 5 स्टेशन होंगे। वहीं फेज-2बी के तहत गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक 3.3 किलोमीटर से अधिक लंबा विस्तार किया जाएगा, जिससे शहरी परिवहन और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
–सड़क मार्ग: प्रधानमंत्री राज्य राजमार्ग-41 (अहमदाबाद-मेहसाणा) को 2,600 करोड़ रुपये की लागत से 4 लेन से 8 लेन में अपग्रेड करने की आधारशिला रखेंगे।
–रेल सेवाएं: पीएम मोदी साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
–बाल विकास: पीएम 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखेंगे और 361 पूर्ण हो चुके केंद्रों का उद्घाटन करेंगे।
राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक कार्यक्रम
एकता नगर में पीएम मोदी 15 नवंबर तक चलने वाले ‘भारत पर्व 2026’ का उद्घाटन करेंगे। जिसके बाद वे ‘एकता प्रकाश पर्व’ उत्सव में सम्मिलित होंगे और नर्मदा आरती करेंगे। इसी के साथ वे 31 अक्टूबर को सुबह स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। जिसके बाद शाम को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ समारोह में शामिल होंगे। जिस दौरान एकता परेड का आयोजन किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राज्य पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के अनुशासन, पेशेवर दक्षता, साहस और समर्पण का प्रदर्शन होगा।
यह भी पढ़ें: लखनऊ में सजेगा राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव, 16 राज्यों की कला-संस्कृति का अनोखा संगम







