PM Modi SCO Forum 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को शाम करीब 5:30 बजे दिल्ली के पुराना किला में प्रथम शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सभ्यतागत संवाद फोरम का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। तीन दिनों तक चलने वाला यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन 20 से 22 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य एससीओ सदस्य देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत को सामने लाना, आपसी संबंधों को मजबूत करना और विभिन्न संस्कृतियों के बीच संवाद एवं सहयोग को प्रोत्साहित करना है।
PM मोदी के प्रस्ताव से शुरू हुई फोरम की पहल
इस फोरम की शुरुआत का विचार वर्ष 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान सामने आया था। उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संगठन के अंतर्गत सभ्यतागत संवाद के लिए एक विशेष मंच स्थापित करने का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद एससीओ की बिश्केक घोषणा में भी इस पहल का स्वागत किया गया। अब इसी प्रस्ताव को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली में पहला सभ्यतागत संवाद फोरम आयोजित किया जा रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिखेगी भारत और यूरेशिया की झलक
उद्घाटन समारोह में ‘सभ्यताओं का संवाद – सांस्कृतिक प्रस्तुति’ नाम से विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें संगीत, नृत्य, दृश्य कथावाचन और वर्णन के माध्यम से सांस्कृतिक विविधता को प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘वसुधैव कुटुम्बकम – विश्व एक परिवार है’ रखी गई है। इसके जरिए भारत और यूरेशिया के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाया जाएगा।
प्रदर्शनियों में दिखेगी भारत की ऐतिहासिक विरासत
फोरम के दौरान ‘अस्तित्व – हमारे अस्तित्व का सार’ शीर्षक से विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें भारतीय पुरातत्व, कला और साहित्य से जुड़ी धरोहरों को प्रदर्शित किया जाएगा। 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक प्रमाणों के माध्यम से दिल्ली के इतिहास की झलक पेश होगी। प्रदर्शनी में उत्खनन से प्राप्त अवशेष, पुरावशेष और वास्तुकला से जुड़े महत्वपूर्ण नमूने शामिल होंगे।
इसके अलावा ‘महाभारत स्क्रॉल मंडप – अनंत’ में 18वीं शताब्दी की दुर्लभ महाभारत पांडुलिपि भी दर्शकों के लिए रखी जाएगी। चित्रों से सजी यह हस्तलिखित कृति भारतीय महाकाव्य और पारंपरिक चित्रकला की समृद्ध परंपरा को प्रदर्शित करेगी।
21 और 22 नवंबर को होंगे चार विषयगत सत्र
फोरम के अगले दो दिनों यानी 21 और 22 नवंबर को चार विशेष विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्वान, शिक्षाविद्, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। चर्चा के दौरान संगीत, नृत्य, वस्त्र, खान-पान और पारंपरिक खेलों जैसी सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों के साथ कला एवं वास्तुकला की साझा परंपराओं पर विचार-विमर्श होगा।
इसके अतिरिक्त भाषा, साहित्य, लिपियों, पांडुलिपियों, मठवासी मार्गों और दार्शनिक परंपराओं से जुड़े विषय भी चर्चा का हिस्सा होंगे। कुल मिलाकर, पहला एससीओ सभ्यतागत संवाद फोरम सदस्य देशों की साझा ऐतिहासिक जड़ों को समझने, सांस्कृतिक विरासत के आदान-प्रदान और अंतर-सांस्कृतिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक साझा मंच प्रदान करेगा।
यह भी पढ़ें: CM Yogi Adityanath की गोरखपुर को बड़ी सौगात, 123 एकड़ में बनेगा वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय







