Jantar-Mantar घटना पर PM Modi का संदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं के नाम एक भावुक और विचारणीय संदेश जारी किया है। अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए उन्होंने युवाओं से एकजुट होकर आगे बढ़ने, अपनी भूलों से सीख लेने और देश के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। पीएम ने साफ तौर पर कहा कि देश इस समय काफी तेजी से प्रगति कर रहा है और वे चाहते हैं कि हर युवा का भविष्य भी उतना ही उज्ज्वल और बेहतर बने।
Jantar-Mantar पर जो कुछ भी हुआ
हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर घटी घटना को लेकर पीएम मोदी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर जो कुछ भी हुआ, उसे पूरे देश और दुनिया ने देखा। कुछ युवाओं और बच्चों ने बेहद असभ्य भाषा का इस्तेमाल किया, जो किसी भी सभ्य समाज के लिए उचित नहीं है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस दौरान उन्हें व्यक्तिगत रूप से गालियां दी गईं और उनकी दिवंगत माता जी के लिए भी काफी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि यह सब देखकर दुख जरूर हुआ, लेकिन वे इस मुद्दे पर किसी के प्रति मन में कड़वाहट या नाराजगी नहीं रखना चाहते। वे हर स्थिति को सुधार और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ देखना पसंद करते हैं।
कल्चरल शॉक
घटना के संदर्भ में बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि समाज में इसे लेकर जो गुस्सा और निराशा है, उसे वे अच्छी तरह समझते हैं। यह पूरे समाज के लिए एक तरह से कल्चरल शॉक की तरह है कि देश की बेटियां भी इस प्रकार की भाषा बोल सकती हैं।
हालाँकि, उन्होंने यह भी याद दिलाया कि उम्र के शुरुआती पड़ाव में गलतियाँ होना स्वाभाविक है। बचपन और युवावस्था की सबसे अच्छी बात यही होती है कि इसमें खुद को सुधारने और अपनी भूलों को सही करने का पूरा अवसर मिलता है।
यह समय इन बच्चों को गले लगाकर उन्हें सही रास्ता दिखाने का है
पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि गुमराह हुए बच्चों को सजा देना, उन पर मुकदमे दर्ज करवाना या उन्हें समाज से अलग-थलग कर देना किसी समस्या का हल नहीं है। उन्होंने कहा कि यह समय इन बच्चों को गले लगाकर उन्हें सही रास्ता दिखाने का है।
अपनी बात को सहज अंदाज में समझाते हुए उन्होंने एक उदाहरण दिया कि कई बार खाना खाते वक्त हमारी अपनी जीभ दांतों के बीच आ जाती है और खून निकल आता है, लेकिन हम अपने ही दांत नहीं तोड़ते। जीभ और दांत दोनों हमारे अपने हैं, ठीक उसी तरह ये बच्चे भी हमारे अपने समाज का हिस्सा हैं। इसलिए वे इन्हें दिल से माफ करना चाहते हैं और समाज से भी यही अपील करते हैं।
View this post on Instagram
अपनी गलतियों से सीखें, कुछ नया सीखें और देश के विकास की यात्रा में सहभागी बनें
बात के अंत में प्रधानमंत्री ने युवाओं से सीधे संवाद करते हुए एक खास अपील की। उन्होंने कहा कि अपनी गलतियों से सीखें, कुछ नया सीखें और देश के विकास की यात्रा में सहभागी बनें।
उन्होंने कहा कि राह भटके हुए लोगों को सही दिशा में लाना आसान काम नहीं होता, लेकिन कठिन संकल्प ही बेहतर परिणाम लाते हैं। उन्होंने देश के युवाओं को आमंत्रित करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत करें, नई चीजें सीखें और आगे बढ़ें। देश का भविष्य युवाओं की सोच और उनके प्रयासों पर ही निर्भर करता है।
उन्होंने कहा, “बच्चों आओ, हम देश के लिए साथ मिलकर आगे बढ़ें। अपनी गलतियों से भी सीखें, अपने सपनों को लेकर आगे बढ़ें। देश बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है और आगे भी बढ़ने वाला है। मेरा सपना है कि आपका भविष्य भी उज्ज्वल हो। मैं आपके लिए जीता हूं और आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार खपता हूं।”
यह भी पढ़ें: Commonwealth Games 2026 में भारत ने जूडो में रचा स्वर्णिम इतिहास: अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने जीता Gold







