National Teachers Award : शिक्षक दिवस के खास मौके पर देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों को सम्मानित करने की परंपरा इस साल भी धूमधाम से निभाई जाएगी। आगामी 5 सितंबर 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा, जहां देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु चयनित 48 उत्कृष्ट शिक्षकों को ‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026’ से सम्मानित करेंगी। शिक्षा मंत्रालय का स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग हर साल इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का आयोजन करता है, जिसका मकसद शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के अमूल्य योगदान और उनकी लगन का उत्सव मनाना है।
27 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों से चुने गए शिक्षक
इस वर्ष पुरस्कार विजेताओं का चयन जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर तीन चरणों की बेहद पारदर्शी और ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है। चयनित 48 स्कूल शिक्षकों में 26 पुरुष और 22 महिला शिक्षक शामिल हैं। ये शिक्षक देश के 27 राज्यों, 7 केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के 6 अलग-अलग संगठनों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इन सभी शिक्षकों ने अपनी मेहनत से न केवल स्कूली शिक्षा के स्तर को सुधारा है, बल्कि अपने विद्यार्थियों के जीवन को भी एक नई दिशा दी है।
कार्यक्रम का लाइव प्रसारण और लघु वृत्तचित्र
विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले इस सम्मान समारोह के दौरान प्रत्येक पुरस्कार विजेता शिक्षक के अनुकरणीय कार्यों और उनकी उपलब्धियों को दर्शाने वाली छोटी फिल्में (लघु वृत्तचित्र) भी दिखाई जाएंगी। आम जनता और देश भर के छात्र इस पूरे कार्यक्रम को दूरदर्शन, शिक्षा मंत्रालय के ‘स्वयं प्रभा’ चैनलों और आधिकारिक वेबसाइट (https://webcast.gov.in/moe) पर लाइव देख सकेंगे। इसके अलावा शिक्षा मंत्रालय के विभिन्न सोशल मीडिया हैंडल पर भी इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा।







