Meerut Police Encounter : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से अपराध पर लगाम कसने के उद्देश्य से बड़ी खबर सामने आई है। मेरठ में रेलवे रोड थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की एक शातिर बदमाश के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 5 हजार रुपये का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया। आरोपी बिना नंबर प्लेट की स्पोर्टी बाइक पर सवार होकर रेलवे स्टेशन के पास यात्रियों से लूटपाट की नीयत से घूम रहा था। आइए जानते हैं कि यह पूरा मामला कैसे सामने आया और पुलिस ने इस गिरोह पर कैसे शिकंजा कसा।
मेरठ में पुलिस मुठभेड़
मेरठ के जमानिया बाग तिराहे पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और आने-जाने वाले लोगों की सघन चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार होकर वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। जैसे ही पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, बदमाश ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। भागने के चक्कर में उसकी बाइक फिसल गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। अपने आप को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी फायरिंग में घायल हुआ इनामी बदमाश
बदमाश द्वारा की गई फायरिंग के जवाब में आत्मरक्षा करते हुए पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली बदमाश के बाएं पैर में घुटने के नीचे जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से ही उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाश की पहचान 34 वर्षीय दानिश के रूप में हुई है, जो मेरठ के रेलवे रोड थाना क्षेत्र के मकबरा डिग्गी का रहने वाला है। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए मेरठ के पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है।
चोरी की बाइक और 19 मुकदमों का खुलासा
पुलिस ने मौके से आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है। इसके साथ ही जिस बिना नंबर प्लेट की काले रंग की KTM बाइक से वह घूम रहा था, वह जांच में दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके से चोरी की हुई पाई गई। जांच में पता चला कि दानिश राजस्थान के जयपुर में दर्ज एक मामले में वांछित चल रहा था और उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश में चोरी, लूट और अवैध असलहों से जुड़े कुल 19 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें: Hapur News: बदनौली में रास्ते के विवाद में ताबड़तोड़ पथराव और फायरिंग, गांव में PAC तैनात







