Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के 138वें एपिसोड में देशवासियों से कई अहम मुद्दों पर बात की। इस दौरान उन्होंने गुजरात के सोमनाथ मंदिर और मोढेरा के प्रसिद्ध सूर्य मंदिर का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि इस साल की शुरुआत सोमनाथ स्वाभिमान पर्व से की गई थी। उन्होंने सोमनाथ और मोढेरा के इतिहास का जिक्र करते हुए बताया कि इन ऐतिहासिक स्थलों ने कई मुश्किल दौर देखे हैं, लेकिन आज भी अपनी पहचान और विरासत के साथ खड़े हैं।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की चर्चा
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 1026 में मोहम्मद गजनी ने सोमनाथ मंदिर पर हमला किया था। उन्होंने कहा कि मंदिर को नुकसान पहुंचाने वाले आक्रमणकारी आज इतिहास का हिस्सा बन चुके हैं, जबकि सोमनाथ मंदिर आज भी भव्य रूप में मौजूद है। पीएम मोदी ने सोमनाथ मंदिर को भारत की आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए कहा कि यह मंदिर समुद्र के किनारे अपनी भव्यता के साथ देश को प्रेरणा देता है।
मोढेरा मंदिर का इतिहास भी चर्चा में
पीएम मोदी ने बताया कि 1026 में सोमनाथ मंदिर पर हुए हमले के दौरान गुजरात के मोढेरा मंदिर पर भी हमला हुआ था। उन्होंने कहा कि मोढेरा में प्रसिद्ध सूर्य मंदिर का निर्माण राजा भीमदेव प्रथम ने कराया था। उनके अनुसार, मंदिर पर हमले के बावजूद इसके पुनर्निर्माण का काम कराया गया। प्रधानमंत्री ने इसे उस दौर के समाज के आत्मविश्वास और निर्माण की भावना से जोड़कर बताया।
मोढेरा मंदिर पर बाद में भी हुए हमले
पीएम मोदी ने कहा कि मोढेरा मंदिर को बाद के समय में भी हमलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने अलाउद्दीन खिलजी के दौर का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी इस मंदिर को नुकसान पहुंचाया गया। लेकिन आज मोढेरा सिर्फ अपने पुराने इतिहास के लिए नहीं जाना जाता। यह आधुनिक ऊर्जा के क्षेत्र में भी एक अलग पहचान बना चुका है।
मोढेरा सूर्य मंदिर से सोलर विलेज तक
मोढेरा सूर्य मंदिर के लिए प्रसिद्ध यह गांव आज देश के पहले सोलर विलेज के रूप में भी जाना जाता है। पीएम मोदी ने कहा कि मोढेरा आज सौर ऊर्जा के इस्तेमाल का उदाहरण पेश कर रहा है। उन्होंने सूर्य उपासना को केवल धार्मिक परंपरा तक सीमित न बताते हुए इसे प्रकाश, ऊर्जा, विज्ञान और निरंतरता से जोड़कर समझाया। मोढेरा में पर्यटकों के लिए कई सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। जनवरी में मकर संक्रांति के बाद यहां मोढेरा डांस फेस्टिवल का आयोजन होता है, जिसमें भारतीय शास्त्रीय और सांस्कृतिक नृत्यों की प्रस्तुतियां होती हैं।
पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील की कि वे मोढेरा जरूर जाएं और इसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखें। उनके मुताबिक, मोढेरा की खासियत यह है कि यहां इतिहास, संस्कृति और आधुनिक सौर ऊर्जा का एक अनोखा मेल देखने को मिलता है।
read more : लखनऊ प्रेस वार्ता में सीएम योगी का राहुल गांधी पर हमला, SIR और चुनाव प्रक्रिया पर रखी बात

