Lucknow Weather : लखनऊ में बदला मौसम का मिजाज, तेज बारिश से राहत के बाद फिर बढ़ी उमस | DD News Uttar Pradesh

Share This Article

Lucknow Weather : नवाबों के शहर लखनऊ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। देर शाम हुई तेज बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई, वहीं कई निचले और प्रमुख इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी। बारिश के बाद सुबह से ही चटक धूप निकली हुई है, जिससे हवा में नमी और उमस काफी बढ़ गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और शाम तक एक बार फिर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।

चिनहट और सीतापुर रोड पर सबसे ज्यादा बरसा पानी

रविवार देर शाम हुई बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो शहर के अलग-अलग हिस्सों में अच्छी-खासी बरसात दर्ज की गई है। चिनहट में सबसे ज्यादा 51.5 मिमी और सीतापुर रोड पर 51 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा काकोरी में 46.5 मिमी, लखनऊ सदर में 41.5 मिमी, राजभवन क्षेत्र में 23 मिमी और 1090 गोमतीनगर में 22.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस तेज स्पेल के बाद मानसून के दौरान होने वाली बारिश का औसत अब सामान्य स्थिति में पहुंच गया है।

दिनभर उमस के बाद शाम को मिलेगी राहत

तापमान की बात करें तो लखनऊ में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री के आसपास बना हुआ है। दिन में आर्द्रता 95 फीसदी तक पहुंचने के कारण लोगों को पसीने छुड़ाने वाली उमस का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शाम के वक्त बादलों के गहराने से तेज बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी।

यूपी में फिर एक्टिव हुआ मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है। पूर्वी यूपी के ऊपर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव के क्षेत्र (Low-Pressure Area) के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। आने वाले 24 घंटों में बंगाल की खाड़ी का यह सिस्टम ओडिशा की तरफ बढ़ेगा, जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, पश्चिमी यूपी में पछुआ हवाओं के प्रभाव के कारण फिलहाल तेज बारिश की संभावना काफी कम जताई गई है।

READ MORE : महिला ने मांगी गाय, सीएम योगी ने तुरंत दिए निर्देश; दिव्यांग की जमीन भी होगी कब्जामुक्त | DD News Uttar Pradesh

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This