Dev Deepawali 2026 : काशी विश्वनाथ धाम में देव दीपावली की भव्य सजावट, फूलों और दीयों से जगमगाया मंदिर परिसर

Share This Article

Dev Deepawali 2026 : वाराणसी में देव दीपावली का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में हर तरफ दीपों की रोशनी और फूलों की खुशबू देखने को मिल रही है। श्री काशी विश्वनाथ धाम को रंग-बिरंगे फूलों और मिट्टी के दीयों से सजाया गया है। दीपों की रोशनी से पूरा मंदिर परिसर जगमगा उठा है। धाम की खूबसूरत सजावट की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं।

दीपों और फूलों से सजा बाबा का धाम

देव दीपावली के खास अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम की सजावट लोगों का ध्यान खींच रही है। मंदिर परिसर में फूलों की आकर्षक सजावट के साथ जगह-जगह मिट्टी के दीये जलाए गए हैं। रोशनी से नहाए धाम का नजारा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। काशी में देव दीपावली का पर्व कार्तिक पूर्णिमा पर मनाया जाता है। इस दिन गंगा घाटों से लेकर मंदिरों तक दीपदान की परंपरा निभाई जाती है। मान्यता है कि इस दिन देवता भी धरती पर दीपावली मनाने आते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देव दीपावली के मौके पर काशी विश्वनाथ धाम की खूबसूरत तस्वीरें अपने एक्स हैंडल पर साझा कीं। उन्होंने लिखा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी में आज चारों ओर देव दीपावली की विशेष छटा बिखरी हुई है। इससे पहले पीएम मोदी ने देशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की शुभकामनाएं भी दी थीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व सेवा और परोपकार का संदेश देता है। पवित्र स्नान, दान-पुण्य और दीपदान की परंपरा लोगों के जीवन में आस्था और सकारात्मकता लेकर आए।

मंदिर ट्रस्ट ने जारी किया खास वीडियो

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट की ओर से भी धाम की सजावट का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया। ट्रस्ट ने अपने संदेश में बताया कि दीपों से सजी काशी और फूलों से महकता धाम श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति को उत्सव का रूप दे रहा है। वीडियो में मंदिर परिसर की रोशनी और फूलों से की गई सजावट की झलक देखने को मिल रही है। ट्रस्ट के संदेश में काशी के घाटों पर जलने वाले असंख्य दीपों और बाबा महादेव के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था का भी जिक्र किया गया।

सीएम योगी ने भी साझा की तस्वीरें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी देव दीपावली के अवसर पर काशी की खूबसूरत तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि श्रद्धा के दीप, अंत्योदय के उजास और सनातन संस्कृति की आभा से जगमगाती अविनाशी काशी में देव दीपावली का यह पर्व हमेशा याद रहने वाला है। काशी में दीपों और फूलों से सजे मंदिरों और घाटों का नजारा इस पर्व को खास बना रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालु भी देव दीपावली के इस आयोजन में शामिल होकर दीपदान और दर्शन कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: Kashi Dev Deepawali 2026: 11 लाख दीये, ऑडियो गाइड लॉन्च और 40 देशों के मेहमान

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This