Kedarnath Dham : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में लंबे वीकेंड के चलते केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। लगातार तीन दिन की छुट्टी और साफ मौसम का फायदा उठाते हुए देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह से ही धाम में भक्तों की लंबी कतारें नजर आईं।
केदारनाथ धाम में उमड़ी भारी भीड़
2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के साथ शनिवार और रविवार की छुट्टी होने के कारण इस बार लंबा वीकेंड रहा। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों ने पहाड़ों का रुख किया और केदारनाथ यात्रा के लिए रुद्रप्रयाग पहुंचे। केदारनाथ धाम में मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर वीआईपी गेट तक श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दी। बाबा केदार के दर्शन के लिए भक्तों को कई जगहों पर लंबा इंतजार करना पड़ा। सुबह से शुरू हुई कतारें शाम तक बनी रहीं।
केदारनाथ यात्रा में घंटों करना पड़ा इंतजार
भीड़ ज्यादा होने के कारण श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ा। इसके बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। लोग जय बाबा केदार के जयकारे लगाते हुए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। बद्री-केदार मंदिर समिति की ओर से कहा गया कि सभी श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने की कोशिश की जा रही है। भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खास इंतजाम
बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य विनीत चंद्र पोस्ती के मुताबिक, केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर व्यवस्थाएं संभाली जा रही हैं। तीर्थयात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है। कोशिश यही है कि ज्यादा भीड़ के बावजूद यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो और वे आसानी से बाबा केदार के दर्शन कर सकें।
रुद्रप्रयाग पुलिस प्रशासन के मुताबिक केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा सुचारु रूप से चल रही है। भीमबली क्षेत्र में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य रही। पैदल मार्ग से लेकर धाम क्षेत्र तक मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली रही। साफ मौसम ने यात्रियों को भी काफी राहत दी। हालांकि लंबी कतार और बढ़ती भीड़ के कारण यात्रियों को धैर्य के साथ अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
Sant Ravidas Nagar : भदोही का फिर बदलेगा नाम, सीएम योगी ने किया ऐलान; अब कहलाएगा संत रविदास नगर

