Ishan Kishan Century : चेन्नई के ऐतिहासिक एम ए चिदंबरम (चेपॉक) स्टेडियम में ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच दलीप ट्रॉफी 2026 का हाई-वोल्टेज फाइनल मैच खेला जा रहा है। इस खिताबी मुकाबले के पहले ही दिन ईस्ट जोन की टीम ने अपनी पकड़ बेहद मजबूत कर ली है।
टीम के कप्तान और स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने कप्तानी पारी खेलते हुए साउथ जोन के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाईं और एक शानदार शतक जड़ दिया। वह दिन का खेल खत्म होने तक 111 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। अपनी इस बेहतरीन पारी के दौरान उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक बड़ा मील का पत्थर हासिल करते हुए 4000 रन भी पूरे कर लिए हैं। आइए जानते हैं पहले दिन के खेल का पूरा हाल।
ईशान किशन दलीप ट्रॉफी शतक
ईस्ट जोन की टीम जब 147 रन पर अपना तीसरा विकेट गंवाकर थोड़े दबाव में दिख रही थी, तब कप्तान ईशान किशन क्रीज पर आए। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक लेकिन संभलकर बल्लेबाजी की और महज 71 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।
इसके बाद उन्होंने चौथे विकेट के लिए सलामी बल्लेबाज शिखर मोहन (85 रन) के साथ मिलकर 94 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। दिन के आखिरी सेशन में ईशान किशन ने अपनी लय बरकरार रखते हुए शतक पूरा किया और 135 गेंदों पर 111 रन बनाकर नाबाद रहे।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 4000 रन का आंकड़ा किया पार
अपनी इस शतकीय पारी के दम पर ईशान किशन ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपने 4000 रन भी पूरे कर लिए हैं। उन्होंने अब तक 67 फर्स्ट क्लास मैचों की 109 पारियों में लगभग 40 की औसत से कुल 4060 रन बनाए हैं।
इस दौरान उनके बल्ले से 10 शतक और 19 अर्धशतक निकले हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 273 रन रहा है। भारत के लिए अब तक केवल दो टेस्ट मैच खेलने वाले ईशान किशन की इस पारी के बाद भारतीय टेस्ट टीम में उनकी वापसी की दावेदारी और मजबूत हो गई है।
दलीप ट्रॉफी फाइनल के पहले दिन का स्कोरकार्ड
दलीप ट्रॉफी 2026 के इस खिताबी मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट जोन की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 रन और शिखर मोहन ने 85 रनों का योगदान दिया।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक ईस्ट जोन ने 4 विकेट के नुकसान पर 385 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया है। क्रीज पर कप्तान ईशान किशन (111 रन) के साथ कुमार कुशाग्र (63 रन) डटे हुए हैं। साउथ जोन की ओर से चामा वी मिलिंद सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 56 रन देकर 2 सफलताएं हासिल कीं।
यह भी पढ़ें: Hapur News: बदनौली में रास्ते के विवाद में ताबड़तोड़ पथराव और फायरिंग, गांव में PAC तैनात







