BRICS Summit 2026 : राजधानी नई दिल्ली एक बार फिर एक बड़े वैश्विक सम्मेलन की मेजबानी के लिए पूरी तरह से तैयार नजर आ रही है। 12 और 13 सितंबर 2026 को प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने वाले ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन से पहले नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने अपनी तैयारियों की गति को काफी तेज कर दिया है।
राष्ट्रीय राजधानी की प्रमुख सड़कों, वीआईपी रूटों, बाजारों और बड़े होटल क्षेत्रों में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, विशेष रोशनी और सुगम यातायात व्यवस्था पर खास ध्यान दिया जा रहा है। विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए पूरी दिल्ली को एक नया और आकर्षक रूप दिया जा रहा है। आइए जानते हैं कि इस वैश्विक आयोजन के लिए एनडीएमसी ने धरातल पर क्या-क्या इंतजाम किए हैं।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 एनडीएमसी
एनडीएमसी के चेयरमैन मनोज द्विवेदी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर तैयारियों से जुड़ी कुछ तस्वीरें और ‘BRICS India 2026’ का आधिकारिक लोगो साझा किया। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली के प्रमुख स्थानों और गोलचक्करों पर ब्रिक्स 2026 के स्वागत के लिए विशेष थीम आधारित व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
चेयरमैन के अनुसार, शहर के मुख्य गोलचक्करों पर शानदार रोशनी और लैंडस्केपिंग का काम शुरू हो चुका है। एनडीएमसी का लक्ष्य दुनिया भर से आ रहे राष्ट्रध्यक्षों और प्रतिनिधियों के सामने भारत और नई दिल्ली की एक स्वच्छ, हरित और आधुनिक छवि पेश करना है।
नई दिल्ली की सड़कों और फुटपाथों का हुआ कायाकल्प
एनडीएमसी के आधिकारिक बयान के मुताबिक, शहर के सार्वजनिक स्थलों को वैश्विक मानकों के अनुरूप नया रूप दिया जा रहा है। इसके तहत सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने, फुटपाथों की मरम्मत करने और ज़ेबरा क्रॉसिंग को स्पष्ट रूप से पेंट करने का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है।
इसके साथ ही फ्लाईओवरों और दीवारों पर थीम-आधारित पेंटिंग्स बनाई जा रही हैं। सड़कों के किनारों को सुंदर बनाने के लिए 15 स्थानों पर फूलों के बोर्ड, 9 स्थानों पर रंग-बिरंगे फव्वारे और प्रमुख चौराहों पर 15,000 से अधिक फूलों के गमले (पॉट्स) सजाए गए हैं। इसके अलावा 17 प्रमुख गोलचक्करों, 11 बड़े होटलों और 10 एनडीएमसी भवनों को सजावटी लाइटों से रोशन किया जा रहा है।
24 घंटे एक्टिव रहेगा कंट्रोल सेंटर और प्रदूषण नियंत्रण के इंतजाम
सम्मेलन के दौरान सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं में कोई बाधा न आए, इसके लिए पालिका केंद्र स्थित एनडीएमसी का एकीकृत कमांड और कंट्रोल सेंटर (ICCC) 5 से 14 सितंबर तक 24 घंटे काम करेगा। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल ने बताया कि कंट्रोल रूम में तीन पारियों में निदेशक या संयुक्त निदेशक स्तर के वरिष्ठ अधिकारी तैनात रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति या शिकायत के समय पर समाधान के लिए 11 अलग-अलग विंग्स की नाइट ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, धूल और वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए लोधी रोड, तिलक मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, शांतिपथ और जाकिर हुसैन रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर विशेष एंटी-स्मॉग गन और पानी की धुंध का छिड़काव किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Hapur News: बदनौली में रास्ते के विवाद में ताबड़तोड़ पथराव और फायरिंग, गांव में PAC तैनात







