India Sri Lanka Relations : भारत और श्रीलंका के बीच ऐतिहासिक और सामरिक संबंधों को नई धार देने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कोलंबो के तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हैं। बुधवार को उन्होंने कोलंबो में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने दोनों देशों के विकास, रक्षा सहयोग और जनता के कल्याण के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई। भारत और श्रीलंका समुद्री पड़ोसी होने के साथ-साथ हिंद महासागर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के बड़े साझेदार हैं।
राजनाथ सिंह श्रीलंका दौरा
बैठक के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राष्ट्रपति दिसानायके को शुभकामनाएं और बधाई संदेश दिया। दोनों नेताओं ने क्षेत्र की सुरक्षा, शांति और समृद्धि सुनिश्चित करने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से चर्चा की। इस बैठक में श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा भी मौजूद रहे।
मुलाकात के बाद राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर बताया कि राष्ट्रपति दिसानायके के साथ बेहद गर्मजोशी भरी और उपयोगी बातचीत हुई। उन्होंने श्रीलंकाई सरकार के दो साल पूरे होने पर भी उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि भारत और श्रीलंका सभ्यतागत रूप से जुड़े पड़ोसी हैं।
संकट में हमेशा श्रीलंका के साथ खड़ा रहेगा भारत
इससे पहले मंगलवार को रक्षा मंत्री ने कोलंबो में भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात और बातचीत की। उन्होंने दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में प्रवासी भारतीयों के योगदान की सराहना की और उन्हें दो देशों के बीच का मजबूत ‘सेतु’ बताया।
राजनाथ सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि श्रीलंका जब भी किसी संकट का सामना करेगा, भारत एक सच्चे दोस्त की तरह उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। गौरतलब है कि श्रीलंका के पिछले आर्थिक संकट और 2025 में आए चक्रवात डिटवाह के दौरान भारत ने सबसे पहले मदद का हाथ बढ़ाया था।
तीन दिवसीय यात्रा का मुख्य उद्देश्य
रक्षा मंत्री मंगलवार को तीन दिवसीय दौरे पर कोलंबो पहुंचे थे, जहां हवाई अड्डे पर श्रीलंका के उप रक्षा मंत्री मेजर जनरल अरुण जयसेकरा (सेवानिवृत्त) ने उनका स्वागत किया।
भारतीय रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और श्रीलंका के बीच रक्षा साझेदारी और समुद्री सुरक्षा सहयोग (Maritime Security) को और अधिक मजबूत करना है। यह यात्रा दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक, आर्थिक और सामरिक संबंधों को एक नए स्तर पर ले जाएगी।
READ MORE : Hanuman Ansh : ‘हनुमान अंश’ की टीम ने CM योगी से की मुलाकात, फिल्म के खास अंश दिखाए







