Crude Oil Price Shock : वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगी आग थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को लगातार चौथे दिन कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी तेजी दर्ज की गई और दाम करीब 2 प्रतिशत (1 डॉलर से अधिक) तक बढ़ गए। ईरान, अमेरिका और सऊदी अरब के बीच बढ़ते सीधे टकराव के बाद पूरे खाड़ी (गल्फ) क्षेत्र से क्रूड ऑयल की सप्लाई बाधित होने की आशंका गहरा गई है। अगस्त की शुरुआत से लेकर अब तक ब्रेंट क्रूड के दामों में 20 प्रतिशत से भी ज्यादा का उछाल आ चुका है, जिससे दुनिया भर में महंगाई बढ़ने का खतरा मंडराने लगा है।
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.79 प्रतिशत या 1.76 डॉलर प्रति बैरल बढ़कर लगभग 100 डॉलर प्रति बैरल के बेहद करीब पहुंच गई है। वहीं, अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड भी 1.88 प्रतिशत यानी 1.75 डॉलर की मजबूती के साथ 94.78 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।
तकनीकी नजरिए से देखें तो दोनों ही बेंचमार्क इस समय ‘ओवरबॉट’ क्षेत्र में बने हुए हैं। ब्रेंट क्रूड का यह स्तर 23 जुलाई के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड 4 जून के बाद अपने उच्चतम स्तर पर कारोबार कर रहा है।
सऊदी अरब के तेल ठिकानों और शहरों पर हमले
ताजा दामों में आई यह तेज उछाल मंगलवार को हुए बड़े हमलों के बाद देखी गई है। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने अमेरिकी सहयोगी सऊदी अरब के दक्षिणी हिस्से में स्थित चार प्रमुख शहरों पर भीषण हमला बोला। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इन हमलों में 70 से अधिक लोग घायल हुए हैं और कई महत्वपूर्ण तेल प्रतिष्ठानों में भीषण आग लग गई। जवाब में सऊदी अरब के फाइटर जेट्स ने यमन के जुबा जिले, राजधानी सना के पूर्वी हिस्सों और ताइज़ प्रांत में हूती ठिकानों पर जोरदार जवाबी हवाई हमले किए हैं।
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ा सीधा तनाव
दूसरी तरफ, मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और ईरानी सेना के बीच भी सीधा संघर्ष तेज हो गया है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया है कि उन्होंने अमेरिकी तेल टैंकरों पर हुए हमलों का बदला लेने के लिए दो अमेरिकी विध्वंसक जहाजों (Destroyers) और जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं।
जॉर्डन मीडिया के अनुसार, उनकी वायु रक्षा प्रणाली (Air Defense System) ने ईरान की ओर से दागी गई 20 में से 18 बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया, जबकि दो मिसाइलें खाली इलाकों में जा गिरीं। इस बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ईरान को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। कोलंबिया यात्रा के दौरान उन्होंने कहा कि अगर ईरान अमेरिकी नौसैनिक जहाजों को निशाना बनाने की कोशिश करेगा, तो वाशिंगटन उसके जवाब में ईरानी तेल टैंकरों को तबाह करना जारी रखेगा।
READ MORE : Hanuman Ansh : ‘हनुमान अंश’ की टीम ने CM योगी से की मुलाकात, फिल्म के खास अंश दिखाए







