Hanuman Ansh : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक सिनेमा से जुड़ी एक बेहद खास मुलाकात देखने को मिली। अपकमिंग फिल्म ‘हनुमान अंश’ के निर्माता, निर्देशक और मुख्य कलाकारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। इस खास मुलाकात के दौरान फिल्म की टीम ने मुख्यमंत्री को फिल्म के कुछ बेहद महत्वपूर्ण और आध्यात्मिक अंश दिखाए। इन दृश्यों में विश्व प्रसिद्ध संत नीब करोरी बाबा की शुरुआती आध्यात्मिक यात्रा और नाथ संप्रदाय के प्रणेता गुरु गोरक्षनाथ की पंक्तियों से जुड़ा प्रसंग शामिल था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म की विषय-वस्तु की सराहना करते हुए पूरी टीम को अपना आशीर्वाद दिया और उनका उत्साह बढ़ाया।
हनुमान अंश फिल्म सीएम योगी
लगभग दो करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ के निर्माता और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने सीएम योगी से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में फिल्म से जुड़ी कई अहम जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि इस फिल्म में नीब करोरी बाबा के उस शुरुआती जीवन को दर्शाया गया है, जब वे ईश्वर की तलाश में अपना घर छोड़कर निकले थे। बचपन में ही माता के निधन के बाद लक्ष्मी नारायण शर्मा (जो बाद में नीम करोरी बाबा के नाम से प्रसिद्ध हुए) का संपर्क नाथ संप्रदाय के संतों से हुआ था। संन्यास ग्रहण करने से पहले उन्होंने नाथ पंथ के संतों के साथ एक लंबा समय व्यतीत किया था।
नाथ संप्रदाय और सिद्धियों का दिखाया जाएगा प्रसंग
निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि नीब करोरी बाबा की इस पवित्र अंतर्यात्रा के कारण ही फिल्म में गुरु गोरक्षनाथ द्वारा रचित पंक्तियों का विशेष संदर्भ लिया गया है। मान्यताओं के अनुसार, नाथ संप्रदाय के संतों के सानिध्य में ही उनकी आध्यात्मिक साधना की शुरुआत हुई थी।
फिल्म में बाबा के जीवन से जुड़ी कई अलौकिक घटनाओं को भी शामिल किया गया है, जैसे:
-
नीब करोरी बाबा का कुंडलिनी जागरण होना
-
मां अन्नपूर्णा सिद्धि समेत विभिन्न अलौकिक सिद्धियों की प्राप्ति
-
पक्षियों और पशुओं की बोलियां व आवाजें समझने से जुड़े प्रसंग
फिल्म में नीब करोरी बाबा का मुख्य किरदार निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्या ने भी सीएम योगी से हुई मुलाकात को बेहद सुखद बताया और कहा कि मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन पूरी टीम के लिए बेहद प्रेरणादायक है।
उत्तर प्रदेश में फिल्म शूटिंग की अपार संभावनाएं
बातचीत के दौरान निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने उत्तर प्रदेश की नई फिल्म नीति और यहां के शूटिंग लोकेशंस की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि नोएडा में बन रही इंटरनेशनल फिल्म सिटी के अलावा वाराणसी, चित्रकूट, मथुरा, वृंदावन, प्रयागराज और आगरा जैसे शहर शूटिंग के लिए विश्वस्तरीय विकल्प उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उनका प्रोडक्शन हाउस उत्तर प्रदेश में ही रजिस्टर्ड है और इस फिल्म में काम करने वाले लगभग सभी कलाकार उत्तर और मध्य भारत की माटी से जुड़े हुए हैं।







