ESTIC 2026 Inauguration : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में ESTIC 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह तीन दिवसीय सम्मेलन 27 से 29 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें देश-विदेश के वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और स्टार्टअप से जुड़े लोग शामिल होंगे। सम्मेलन में विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भारत की तैयारियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
ESTIC 2026 में इन तकनीकों पर रहेगा जोर
इमर्जिंग साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन कॉन्क्लेव यानी ESTIC 2026 में 12 विषयगत क्षेत्रों पर चर्चा होगी। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बायोटेक्नोलॉजी, एडवांस्ड मैटेरियल्स, विनिर्माण, स्वास्थ्य सेवा, ऊर्जा, जलवायु और महासागर विज्ञान जैसे अहम क्षेत्र शामिल हैं। इन विषयों के जरिए यह समझने पर जोर दिया जाएगा कि नई तकनीकों का इस्तेमाल आम लोगों की जरूरतों को पूरा करने और देश की क्षमताओं को बढ़ाने के लिए कैसे किया जा सकता है।
वैज्ञानिक उपलब्धियों की लगेगी प्रदर्शनी
सम्मेलन में विज्ञान और तकनीक से जुड़ी एक बड़ी प्रदर्शनी भी आयोजित होगी। इसमें भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों और नई तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा। खास बात यह है कि प्रदर्शनी में करीब 150 डीप-टेक स्टार्टअप अपने स्टॉल लगाएंगे। इन स्टॉल के जरिए स्टार्टअप अपनी तकनीक, नए प्रयोग और उनके व्यावहारिक उपयोगों की जानकारी देंगे। इससे लोगों को यह जानने का मौका मिलेगा कि नई खोजें उद्योग और रोजमर्रा की जिंदगी में किस तरह काम आ सकती हैं।
नई तकनीकों का अनुभव कर सकेंगे आगंतुक
ESTIC 2026 में आने वाले लोगों के लिए थीम आधारित वीडियो, वृत्तचित्र, तकनीकी प्रदर्शन और सूचना कियोस्क भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) और वर्चुअल रियलिटी (VR) के माध्यम से तकनीक को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य वैज्ञानिक विषयों को आसान और रोचक तरीके से लोगों तक पहुंचाना है।
ग्लोबल कनेक्ट से बढ़ेगा अंतरराष्ट्रीय सहयोग
सम्मेलन में ग्लोबल कनेक्ट नेटवर्किंग कार्यक्रम भी आयोजित होगा। इसमें भारत और विदेशों के शिक्षण संस्थानों, अनुसंधान केंद्रों और उद्योग जगत से 300 से अधिक आमंत्रित प्रतिभागी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय शोध साझेदारी, उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग तथा नई खोजों को बाजार तक पहुंचाने के तरीकों पर चर्चा होगी।
यह भी पढ़ें: Kanpur: CM Yogi ने कानपुर के बिल्हौर और बिठूर को दी 411 करोड़ की सौगात







