CM Yogi Varanasi Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। उन्होंने काशी के सिगरा स्थित रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर से राज्यव्यापी 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का औपचारिक शुभारंभ किया। इस खास मौके पर केंद्र और राज्य सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री भी मंच पर मौजूद रहीं। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं में कुपोषण को दूर करना और लोगों को सही खान-पान के प्रति जागरूक करना है।
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य शामिल हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत समय पर हुई, जिसमें वाराणसी के सभी आठों ब्लॉक से गुलाबी रंग की साड़ियों में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पहुंचीं। इसके अलावा देश के अलग-अलग राज्यों से भी उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में आमंत्रित किया गया।
बच्चों और महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान
राष्ट्रीय पोषण माह के तहत इस बार ‘हमारी आंगनबाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ की थीम के साथ जन-जागरूकता फैलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान 0 से 6 वर्ष के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य तथा खान-पान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के हर वर्ग को सही पोषण मिलना जरूरी है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं तभी सफल होंगी जब समाज का हर व्यक्ति इसमें अपनी भागीदारी निभाएगा। उन्होंने सभी विभागों से मिलकर काम करने की अपील की ताकि कुपोषण के खिलाफ इस लड़ाई को और मजबूत किया जा सके।
आंगनबाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने की पहल
अभियान के दौरान पूरे महीने विभिन्न स्तरों पर पोषण संबंधी कार्यशालाएं, सेमिनार और सामुदायिक बैठकों का आयोजन किया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे गांव-गांव जाकर महिलाओं और परिवारों को आहार में विविधता और पर्याप्त प्रोटीन के महत्व के बारे में समझा सकें।
वाराणसी से शुरू हुआ यह अभियान प्रदेश भर के आंगनबाड़ी केंद्रों को अधिक सक्रिय, सर्वसुलभ और सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।
यह भी पढ़ें: Hanuman Ansh : ‘हनुमान अंश’ की टीम ने CM योगी से की मुलाकात, फिल्म के खास अंश दिखाए







