CM Yogi Statement: वकीलों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा पर योगी सरकार का बड़ा संकेत

Share This Article

CM Yogi Statement : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को वकीलों के लिए बड़ी घोषणा के संकेत दिए हैं। गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि सरकार अधिवक्ताओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए तैयार है। उन्होंने वकीलों से प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजने की बात कही, ताकि वकीलों का कैशलेस इलाज जैसी सुविधा शुरू की जा सके।

सीएम योगी गोरखपुर सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ता समाज की भूमिका, कल्याण योजनाओं और प्रदेश के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं।

वकीलों के लिए स्वास्थ्य सुविधा पर सरकार का फोकस

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि बार एसोसिएशन के साथ मिलकर एक प्रस्ताव तैयार किया जाए। सरकार अधिवक्ताओं को कैशलेस इलाज सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विचार करेगी। उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में पंजीकृत वकील हैं। अगर यह योजना लागू होती है तो हजारों अधिवक्ताओं और उनके परिवारों को इसका लाभ मिल सकता है। सीएम योगी ने कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था का अहम हिस्सा है और उनके कल्याण के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

अधिवक्ता कल्याण निधि को बढ़ाने का जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में अधिवक्ता कल्याण निधि का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले अधिवक्ता कल्याण निधि की राशि कम थी, जिसे बढ़ाकर अब 5 लाख रुपये किया गया है।  मुख्यमंत्री ने बताया कि अधिवक्ता कल्याण निधि के कॉर्पस फंड को भी मजबूत किया गया है, जिससे मिलने वाले ब्याज के जरिए योजनाओं को आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि हजारों अधिवक्ताओं के परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि पहले सहायता की व्यवस्था एक निश्चित उम्र तक थी, लेकिन अब इसमें बदलाव करते हुए 70 वर्ष तक की उम्र तक परिवारों को लाभ देने की व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सोशल मीडिया के माध्यम से देश के खिलाफ भ्रम और षडयंत्र फैलाने की कोशिशें हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि भाषा, क्षेत्र और अन्य मुद्दों के आधार पर समाज में विवाद पैदा करने की कोशिश की जा सकती है। ऐसे समय में अधिवक्ता समाज की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायपालिका, विधायिका और कार्यपालिका जैसी संस्थाओं पर सवाल खड़े करने की कोशिशों से समाज को सतर्क रहने की जरूरत है।

यूपी की बदलती छवि पर बोले सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले तक यूपी के लोगों को दूसरे राज्यों में अलग नजर से देखा जाता था, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान विकास और नए अवसरों के रूप में बन रही है। प्रदेश में निवेश, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। सीएम योगी ने प्रदेश में हो रहे औद्योगिक बदलाव को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि जिस जगह पहले अवैध हथियारों की चर्चा होती थी, वहां अब आधुनिक तकनीक और रक्षा उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब ब्रह्मोस मिसाइल जैसे महत्वपूर्ण रक्षा उपकरणों के निर्माण की दिशा में काम हो रहा है। इसके साथ ही रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें: गुरु पूर्णिमा 2026: प्रयागराज संगम में आस्था का सैलाब

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This