CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेशवासियों से संवाद करने के लिए शुरू की गई पत्र श्रृंखला ‘योगी की पाती’ ने अपने 50 संस्करण सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। इस विशेष उपलब्धि पर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ इन सभी 50 संस्करणों को संजोने वाली एक विशेष कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। सूचना विभाग द्वारा तैयार इस पुस्तक में पिछले 50 सप्ताह के सफर और पत्रों के संपूर्ण संग्रह को क्रमबद्ध तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
अंतिम पायदान के व्यक्ति से आत्मीय संवाद का माध्यम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘योगी की पाती’ मात्र एक सरकारी सूचना या औपचारिक पत्र नहीं है, बल्कि यह समाज के सबसे अंतिम व्यक्ति तक सीधे पहुंचने वाला एक आत्मीय संवाद है। इसके माध्यम से उन वंचित वर्गों, किसानों, श्रमिकों, युवाओं, छात्रों और महिलाओं के उन पहलुओं को सामने लाने का प्रयास किया गया है, जो अक्सर आम चर्चा से दूर रह जाते हैं।
सरकारी योजनाओं का निरंतर प्रचार-प्रसार जरूरी
सीएम योगी ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि कई बार जनकल्याणकारी योजनाएं मौजूद होने के बावजूद जानकारी के अभाव में पात्र नागरिक उनका लाभ उठाने से वंचित रह जाते हैं। यदि किसी को आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड या निराश्रित महिला पेंशन जैसी योजनाओं की जानकारी नहीं है, तो इसके लिए बार-बार अवगत कराना होगा।
सात दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखेगी विभिन्न विषयों की झलक
इस अवसर पर आयोजित सात दिवसीय कार्यक्रम विशेष थीम पर आधारित होंगे:
–सोमवार (मिट्टी की पाती): कृषि, अन्नदाता किसानों और गोवंश के संरक्षण व संवर्धन पर केंद्रित।
–मंगलवार (बेटी की पाती): नारी सम्मान, महिला सुरक्षा और बेटियों की उड़ान को समर्पित।
–बुधवार (नौजवान की पाती): युवाओं के कौशल विकास, परिश्रम और रोजगार के अवसरों पर आधारित।
–बृहस्पतिवार (आस्था की पाती): अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन और नैमिषारण्य की आध्यात्मिक विरासत की प्रस्तुति।
–शुक्रवार (रफ्तार की पाती): एक्सप्रेसवे, मेट्रो, एयरपोर्ट और औद्योगिक प्रगति का चित्रण।
–शनिवार (सुकून की पाती): सुरक्षित प्रदेश, सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाओं और बेहतर शिक्षा पर केंद्रित।
–रविवार (आपकी पाती): गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए बीते दस वर्षों की विकास यात्रा की अभिव्यक्ति।
यह भी पढ़ें: कानपुर से दिल्ली का सफर होगा और भी आसान, रेल मंत्री आज दिखाएंगे नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी







