Belgium Prime Minister : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच भारत और बेल्जियम के रिश्तों को और मजबूत करने को लेकर अहम बातचीत हुई। पीएम मोदी ने हैदराबाद हाउस पहुंचने पर बेल्जियम के प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
पीएम मोदी और बार्ट डी वेवर की मुलाकात
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा कर पीएम मोदी और बार्ट डी वेवर की मुलाकात की जानकारी दी। मंत्रालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने भारत-बेल्जियम साझेदारी को और मजबूत करने के लिए कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।
यह बैठक दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे दोस्ताना और बहुआयामी संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बार्ट डी वेवर ने राजघाट पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
हैदराबाद हाउस में बैठक से पहले बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राष्ट्रपिता की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि डी वेवर ने महात्मा गांधी के शांति, अहिंसा और मानव गरिमा के संदेश को सम्मान दिया। उन्होंने गांधी जी के आदर्शों को याद किया। राजघाट पर उनकी श्रद्धांजलि को भारत और बेल्जियम के बीच साझा मूल्यों और मजबूत दोस्ती से भी जोड़कर देखा गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर बार्ट डी वेवर तीन दिवसीय भारत यात्रा पर आए हैं। पिछले साल फरवरी में बेल्जियम के प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। उनके साथ बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रेंकेन समेत एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।
भारत-बेल्जियम संबंधों को मिलेगी नई मजबूती
नई दिल्ली पहुंचने पर विदेश मंत्रालय की ओर से बेल्जियम के प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया। रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने उनकी अगवानी की।
भारत-बेल्जियम संबंध कई क्षेत्रों में फैले हुए हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, तकनीक और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाएं हैं। ऐसे में बेल्जियम के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा दोनों देशों की साझेदारी को नई दिशा देने का मौका मानी जा रही है।
READ MORE : PM मोदी से मिलेंगे बेल्जियम के प्रधानमंत्री, व्यापार-रक्षा और ऊर्जा पर होगी अहम बातचीत







