Bay of Bengal : ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से लौह अयस्क (Iron Ore) लेकर चीन के लिए रवाना हुआ एक बड़ा मालवाहक जहाज ‘एमवी ओशन विनर’ बंगाल की खाड़ी में अचानक लापता हो गया है। इस घटना की खबर मिलते ही भारतीय रक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। जहाज पर कुल 24 विदेशी क्रू मेंबर्स सवार थे, जिनमें से 2 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बाकी 22 लापता क्रू मेंबर्स की तलाश के लिए भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) ने समुद्र में अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त खोज एवं बचाव (Search & Rescue) अभियान शुरू कर दिया है।
72 हजार टन लौह अयस्क लेकर चीन जा रहा था जहाज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमवी ओशन विनर नामक यह कमर्शियल जहाज 20 अगस्त की रात को पारादीप बंदरगाह से करीब 72 हजार मीट्रिक टन लौह अयस्क लादकर चीन के लिए रवाना हुआ था। म्यांमार के समुद्री रास्ते से होते हुए चीन की तरफ बढ़ते समय अचानक इस जहाज से सभी संचार संपर्क टूट गए। एजेंसियों के मुताबिक, पारादीप से लगभग 220 समुद्री मील दूर पोर्ट ब्लेयर के समुद्री क्षेत्र के पास जहाज की लोकेशन मिलना बंद हो गई। जैसे ही जहाज के गायब होने की सूचना मिली, भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना तुरंत हरकत में आ गए।
3 युद्धपोत और तटरक्षक बल की टीमें समुद्र में तैनात
लापता जहाज और उसके चालक दल को तलाशने के लिए भारतीय नौसेना ने अपने तीन शक्तिशाली युद्धपोतों—आईएनएस वराद, आईएनएस अनमोल और आईएनएस विजित को तुरंत अभियान में झोंक दिया है। इसके साथ ही पारादीप स्थित तटरक्षक बल की विशेष टीमें भी अपने आधुनिक पोतों के साथ बंगाल की खाड़ी के विशाल हिस्से को खंगाल रही हैं। समुद्र में उड़ते हेलिकॉप्टरों और गश्ती जहाजों की मदद से उस संभावित क्षेत्र पर कड़ी नजर रखी जा रही है, जहां जहाज से अंतिम बार संपर्क हुआ था।
20 चीनी नागरिकों समेत 24 विदेशी क्रू मेंबर्स थे सवार
लापता हुए इस जहाज पर सवार 24 क्रू मेंबर्स में से ज्यादातर विदेशी नागरिक हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस जहाज पर 20 चीनी नागरिक, 3 म्यांमार के नागरिक और 1 बांग्लादेशी नागरिक मौजूद था। रेस्क्यू टीम ने अब तक 2 क्रू मेंबर्स को समुद्र से सुरक्षित निकाल लिया है और उन्हें चिकित्सा सहायता दी जा रही है। बाकी 22 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
Read More : अयोध्या से राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी समेत बड़े नेताओं को भेजी जाएगी खास राखी | DD News UP







