ASEAN-India Summit 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार से फिलीपींस के दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा के लिए रवाना हुए। अपनी इस महत्वपूर्ण यात्रा के दौरान वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन (ASEAN-India Summit) और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (East Asia Summit) में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कूटनीतिक महत्व और भविष्य की रूपरेखा
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत और आसियान के बीच के रिश्ते देश की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ तथा इंडो-पैसिफिक रणनीति का मुख्य स्तंभ हैं। यह दौरा इसलिए भी विशेष है क्योंकि दोनों पक्ष वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के तौर पर मना रहे हैं। इसके अतिरिक्त, आगामी वर्ष 2027 में दोनों पक्षों के संवाद संबंधों के 35 साल और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच साल पूरे होने जा रहे हैं। आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में मुख्य रूप से ‘आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030’ समेत व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा होगी और भविष्य में सहयोग की दिशा तय की जाएगी। वहीं, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन वैश्विक और क्षेत्रीय चुनौतियों पर मंथन का अवसर प्रदान करेगा।
मनीला यात्रा का कार्यक्रम
मनीला में प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर द्वारा विशिष्ट अतिथियों के लिए आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे। यात्रा के दूसरे दिन वे आसियान-भारत सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान अन्य नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी।
व्यापार और समुद्री सुरक्षा पर फोकस
विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने एक प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि आसियान भारत के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में शामिल हो चुका है और इस पूरे क्षेत्र के साथ भारत का कुल व्यापार करीब 122 अरब डॉलर का है। उन्होंने रेखांकित किया कि हिंद महासागर का एक प्रमुख देश होने और दक्षिण-पूर्व एशियाई समुद्री क्षेत्र से जुड़े होने के कारण, भारत और आसियान के बीच प्रगाढ़ रणनीतिक रिश्ते दोनों पक्षों लिए लाभकारी हैं। यह साझेदारी बदलते वैश्विक परिदृश्य की चुनौतियों का सामना करने और पूरे एशियाई क्षेत्र में शांति व स्थिरता सुनिश्चित करने में सहायक साबित होगी।
‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ थीम के साथ आगे बढ़ता आसियान
पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए टंडन ने कहा कि आसियान के नेतृत्व वाला यह एक विशिष्ट मंच है, जहां नेता सहज वातावरण में सुरक्षा और साझा हितों के मुद्दों पर संवाद करते हैं। चूंकि इस वर्ष आसियान की अध्यक्षता फिलीपींस कर रहा है, इसलिए बैठक मनीला में हो रही है। आसियान की सामूहिक कूटनीति की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि इस साल के शिखर सम्मेलन और संबंधित कार्यक्रमों की मुख्य थीम ‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ (भविष्य की दिशा तय करना) निर्धारित की गई है।
प्रधानमंत्री का संदेश
फिलीपींस की यात्रा शुरू करने से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने विचार साझा करते हुए लिखा कि वे आज और कल मनीला में प्रवास करेंगे, जहां वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन तथा 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा है।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत आसियान राष्ट्रों के साथ अपने प्रगाढ़ और मैत्रीपूर्ण संबंधों को विशेष प्राथमिकता देता है। साथ ही, प्रधानमंत्री ने फिलीपींस में बसे प्रवासी भारतीय समुदाय के लोगों से संवाद करने को लेकर अपना उत्साह भी व्यक्त किया।
Will be in Manila, Philippines later today and tomorrow to attend the following programmes:
23rd ASEAN-India Summit.
21st East Asia Summit
India attaches immense importance to close friendship with ASEAN nations.
I’m also looking forward to interacting with the Indian community based in the Philippines.
https://t.co/xmAZDNtrFw
— Narendra Modi (@narendramodi) November 16, 2026
यह भी पढ़ें: सीएम योगी ने किया 25 लाख टैबलेट वितरण के दूसरे चरण का आगाज, 50 हजार से अधिक छात्रों को बांटे टैबलेट







