Cabinet Decisions : केंद्र सरकार ने देश में विनिर्माण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई बड़े फैसले लिए हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने निर्माण और अवसंरचना उपकरण (CIE) विनिर्माण क्षेत्र के लिए 11 हजार करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। इसके साथ ही तमिलनाडु में कामराजर पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल बनाने और असम के सिलचर में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने का रास्ता भी साफ हो गया है। इन फैसलों की जानकारी सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी।
सीआईई विनिर्माण योजना: 11 हजार करोड़ रुपये होंगे खर्च
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने निर्माण और अवसंरचना उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11 हजार करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। इस योजना का मकसद ऐसे उपकरणों और उनके कलपुर्जों का भारत में ही निर्माण बढ़ाना है, जिनके लिए अभी दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता है।
यह योजना 2026-27 से 2033-34 तक यानी आठ साल के लिए लागू रहेगी। इसमें सात श्रेणियों के उपकरण शामिल किए गए हैं। इनमें टनल बोरिंग मशीन, ऑफ-हाईवे ट्रक, एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीनें शामिल हैं। योजना के तहत उपकरणों के परीक्षण के लिए विशेष सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे घरेलू कंपनियों को उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय उत्पादों की पहुंच मजबूत होगी। कैबिनेट ने तमिलनाडु के कामराजर पोर्ट लिमिटेड में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना पर 4,288 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। इसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा। यह टर्मिनल 111 एकड़ क्षेत्र में बनेगा और इसकी सालाना क्षमता 20 लाख TEU यानी 20 फुट के कंटेनरों को संभालने की होगी। इससे बंदरगाह की कंटेनर और ट्रांसशिपमेंट कार्गो क्षमता बढ़ेगी। इस परियोजना से तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के उद्योगों को फायदा मिलने की उम्मीद है। चेन्नई, बेंगलुरु, होसुर, श्रीपेरंबदूर, ओरगडम और तिरुपति जैसे औद्योगिक केंद्रों से माल की आवाजाही आसान होगी।
सिलचर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट: 2014 करोड़ रुपये की मंजूरी
असम के सिलचर स्थित डोलू में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाया जाएगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इसके लिए 2,014 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत को मंजूरी दी है।
दरअसल, सिलचर का मौजूदा हवाई अड्डा रक्षा भूमि से घिरा हुआ है। इस वजह से वहां विस्तार और संचालन से जुड़ी कई सीमाएं हैं। नए एयरपोर्ट के निर्माण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। प्रस्तावित टर्मिनल भवन 12 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में बनाया जाएगा। इसमें व्यस्त समय के दौरान प्रति घंटे 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। इसे आधुनिक सुविधाओं और पर्यावरण अनुकूल निर्माण को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। इससे दक्षिण असम और आसपास के क्षेत्रों में हवाई संपर्क बेहतर होगा। कैबिनेट ने वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक डाक संचालन योजना जारी रखने की मंजूरी दी है। इसके लिए 1,041 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इस योजना के तहत डाक नेटवर्क का आधुनिकीकरण किया जाएगा। साथ ही पार्सल और डाक सेवाओं को मजबूत करने, ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क बढ़ाने और लोगों को बेहतर सुविधाएं देने पर काम होगा।
डाक विभाग की संपत्तियों का होगा आधुनिकीकरण
डाक विभाग की संपदा प्रबंधन योजना को भी जारी रखने की मंजूरी मिली है। इसके लिए 1,491 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना के तहत डाक विभाग के भवनों और आवासीय परिसरों का निर्माण, पुनर्निर्माण और नवीनीकरण किया जाएगा। इससे पुराने डाकघरों और अन्य सरकारी संपत्तियों को बेहतर बनाया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें: कानपुर में तेंदुए का आतंक, फूलों के खेत में छिपे जानवर ने 9 ग्रामीणों को किया घायल






