Agra Ram Barat: ताजनगरी Agra में मंगलवार का दिन बेहद खास रहा। शहर का हृदयस्थल पूरी तरह से अवधपुरी के रंग में रंगा नजर आया। मौका था 149 साल पुरानी ऐतिहासिक श्रीराम बारात शोभायात्रा का, जो कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और अपार जनसैलाब के बीच हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। रावतपाड़ा स्थित लाला चन्नोमल की प्राचीन बारहदरी से श्रीराम की वरयात्रा जनकपुरी के लिए रवाना हुई, जिसमें 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने का दावा किया गया है।
भव्य आरती के साथ हुई शुरुआत
शोभायात्रा का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल (S. P. Singh Baghel), उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों की आरती उतारकर किया। सबसे आगे 8 फीट ऊंची गणेश जी की सवारी चल रही थी, जिसके पीछे चारों भाइयों के सुंदर रथ थे। श्रद्धालुओं ने छतों से गेंदे और गुलाब के फूलों की बारिश कर बारात का स्वागत किया।
120 से ज्यादा झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
इस बार बारात में 120 से अधिक झांकियां और दो दर्जन से ज्यादा बैंड शामिल रहे। झांकियों में रामायण के प्रमुख प्रसंगों जैसे शिव तांडव, समुद्र मंथन, राम-केवट संवाद और पंचवटी के दृश्यों को बखूबी दर्शाया गया। इसके साथ ही ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘मिशन शक्ति’, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के सामाजिक संदेश भी दिए गए। रास्ते भर ब्रास बैंड की धुनों, शंखनाद और डमरुओं की गूंज से माहौल भक्तिमय बना रहा।
कड़ी सुरक्षा और पुख्ता इंतजाम
आयोजन को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से कड़े इंतजाम किए गए थे। बारात मार्ग पर करीब 2500 पुलिसकर्मी, 10 पीएसी कंपनियां और वरिष्ठ अधिकारी तैनात रहे। पूरे शहर को 4 सुपर जोन और 8 जोन में बांटकर रूट डायवर्जन लागू किया गया। बारात मार्ग में सामाजिक व व्यापारिक संगठनों द्वारा जगह-जगह जलपान व फलाहार के स्टॉल लगाए गए थे, जहां देर रात तक जनकपुरी की ओर बढ़ती बारात का स्वागत होता रहा।
यह भी पढ़ें: Mathura News: वृंदावन के गुरुकुल में हादसा, पानी के टैंक में जहरीली गैस से 4 छात्रों की मौत



