Agra Fire : आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-12 में सड़क किनारे बनी झुग्गियों और एक ढाबे में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। आग इतनी तेज थी कि झुग्गियों और ढाबे का सामान इसकी चपेट में आ गया। आसपास रहने वाले लोगों ने जब आग की लपटें देखीं तो इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की करीब छह गाड़ियां लगाई गईं।
सिलिंडर में हुआ जोरदार धमाका
आग के बीच ढाबे और झोपड़ी में रखे गैस सिलिंडर में जोरदार धमाका हो गया। आगरा सिलिंडर ब्लास्ट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की सोसायटियों और घरों में रहने वाले लोग भी बाहर निकल आए। धमाके के बाद मौके पर मौजूद लोगों में और ज्यादा दहशत फैल गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी की।
अग्निशमन कर्मियों ने करीब एक घंटे तक लगातार प्रयास किया, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि आगरा आग की इस घटना में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई। हालांकि आग की वजह से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग कैसे लगी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटना के कारणों की जांच कर रही है। नुकसान का सही आकलन भी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
READ MORE : Mathura News: वृंदावन के गुरुकुल में हादसा, पानी के टैंक में जहरीली गैस से 4 छात्रों की मौत




