Swiss President India Visit : स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलीन सोमवार को तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे। राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्विस राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरे को भारत और स्विट्जरलैंड के बीच व्यापार, निवेश और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
स्विस राष्ट्रपति भारत दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर पहुंचे हैं। यह उनकी भारत की पहली राजकीय यात्रा है। हालांकि, इसी साल फरवरी में वह नई दिल्ली में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेने भारत आए थे। गाइ पार्मेलीन के साथ वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापारिक नेताओं का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। ऐसे में इस यात्रा के दौरान सरकारी बैठकों के साथ कारोबारी और आर्थिक सहयोग पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
पीएम मोदी से होगी अहम बातचीत
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गाइ पार्मेलीन के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। दोनों नेता भारत और स्विट्जरलैंड के बीच चल रहे सहयोग की समीक्षा करेंगे। बैठक में व्यापार और निवेश के साथ विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और मोबिलिटी जैसे मुद्दों पर बातचीत होगी। इसके अलावा संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने से जुड़े विषय भी चर्चा में रहेंगे। क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी दोनों नेताओं के बीच विचारों का आदान-प्रदान होगा। बहुपक्षीय मंचों पर दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करने पर भी बात हो सकती है।
राष्ट्रपति मुर्मु से भी करेंगे मुलाकात
स्विस राष्ट्रपति गाइ पार्मेलीन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति मुर्मु उनके सम्मान में एक आधिकारिक भोज का आयोजन करेंगी। इसके अलावा विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी स्विस राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों के जरिए दोनों देशों के बीच पहले से चले आ रहे संबंधों को और आगे बढ़ाने की कोशिश होगी।
स्विस राष्ट्रपति के भारत दौरे का एक बड़ा कार्यक्रम भारत-EFTA प्रॉस्पेरिटी समिट भी है। गाइ पार्मेलीन 7 अक्टूबर को होने वाले इस समिट में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम भारत-EFTA व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते (TEPA) के लागू होने की पहली वर्षगांठ के मौके पर आयोजित हो रहा है। यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ यानी EFTA में स्विट्जरलैंड भारत का सबसे बड़ा व्यापार और निवेश भागीदार है।
भारत-स्विट्जरलैंड संबंधों को मिलेगी नई गति
भारत और स्विट्जरलैंड के बीच लंबे समय से दोस्ताना संबंध हैं। दोनों देशों के बीच अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार उच्चस्तरीय बातचीत होती रही है। भारत के राष्ट्रपति की स्विट्जरलैंड की पिछली राजकीय यात्रा 2019 में हुई थी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2016 और 2018 में स्विट्जरलैंड की आधिकारिक यात्रा कर चुके हैं। गाइ पार्मेलीन की मौजूदा यात्रा ऐसे समय हो रही है जब दोनों देश व्यापार और निवेश के साथ तकनीक, नवाचार और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं।
Read more : Kushinagar News : कुशीनगर में नारायणी नदी का रुख बदला, तटबंध और आबादी की ओर बढ़ी धारा

