Lucknow Weather : लखनऊ में रविवार सुबह से मौसम साफ बना हुआ है। सुबह से ही तेज धूप निकली है और फिलहाल बारिश के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, दिनभर आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दिनभर तेज धूप का असर
लखनऊ में शनिवार को भी तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहा। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री ज्यादा है। शनिवार को हवा में नमी भी काफी रही। अधिकतम आर्द्रता 95 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 54 फीसदी दर्ज की गई। ऐसे में दिन के समय गर्मी महसूस होने के साथ उमस का असर भी देखने को मिला।
मानसून में सामान्य से ज्यादा बारिश
लखनऊ में इस बार मानसून के दौरान कुल बारिश सामान्य से ज्यादा दर्ज हुई है। 1 जून से 1 अक्टूबर तक शहर में 849.3 मिलीमीटर बारिश हुई। सामान्य तौर पर इस अवधि में 683.2 मिलीमीटर बारिश होती है। यानी मानसून सीजन में अब तक सामान्य से करीब 24 फीसदी अधिक बारिश हुई है। हालांकि, पूरे मानसून के दौरान हर महीने बारिश का आंकड़ा एक जैसा नहीं रहा। जून और जुलाई में बारिश सामान्य से काफी कम रही, जबकि अगस्त और सितंबर में जमकर बारिश हुई।
अगस्त और सितंबर में खूब बरसे बादल
जून में लखनऊ में सिर्फ 18.5 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 90.2 मिलीमीटर है। इस तरह जून में सामान्य से करीब 80 फीसदी कम बारिश हुई। जुलाई में 158.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 227.1 मिलीमीटर रहती है। इस महीने भी बारिश सामान्य से करीब 30 फीसदी कम रही।
इसके बाद अगस्त में मौसम ने करवट ली। पूरे महीने 330.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 202 मिलीमीटर है। यानी अगस्त में सामान्य से 64 फीसदी ज्यादा पानी बरसा। सितंबर में तो बारिश ने नया आंकड़ा बनाया। महीने में कुल 342.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जबकि सामान्य बारिश 163.9 मिलीमीटर रहती है। इस तरह सितंबर में सामान्य से करीब 109 फीसदी अधिक बारिश हुई।
अक्टूबर में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रशांत महासागर में एल-नीनो के मजबूत होने का असर आने वाले महीनों में देखने को मिल सकता है। अक्टूबर से दिसंबर के बीच प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, अक्टूबर में रात का तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है। दिन के तापमान के सामान्य या सामान्य से थोड़ा अधिक रहने का अनुमान है।
Read more : सुबह-सुबह 5.2 तीव्रता के भूकंप से कांपी धरती, घरों से बाहर निकले लोग

