Budgam Encounter : जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले से सुरक्षा बलों को एक बहुत बड़ी कामयाबी मिलने की खबर सामने आई है। मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के ऊंचाई वाले वन क्षेत्र दूधपथरी और यूसमर्ग के सामान्य इलाके में भारतीय सेना की राष्ट्रीय राइफल्स और अन्य सुरक्षा बलों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का मोस्ट वांटेड आतंकी मारा गया। सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, मारे गए आतंकी की पहचान लश्कर के टॉप कमांडर सुलेमान शाह उर्फ ‘फौजी मूसा’ के रूप में हुई है। घाटी में लश्कर के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में इस एनकाउंटर को सुरक्षा बलों की अब तक की सबसे बड़ी सफलता माना जा रहा है।
यूसमर्ग की पहाड़ियों से बच निकला था मूसा, करीबी सहयोगी पहले ही हो चुका था ढेर
लश्कर कमांडर फौजी मूसा पिछले कई सालों से पीर पंजाल पर्वतमाला के दोनों ओर (घाटी और जम्मू संभाग) में हुए कई आतंकवादी हमलों में शामिल था और सुरक्षा एजेंसियों की हिट लिस्ट में टॉप पर था।
-
5 सितंबर की मुठभेड़: इससे पहले 5 सितंबर को यूसमर्ग की पहाड़ियों में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में मूसा का करीबी सहयोगी यासिर मारा गया था, लेकिन मूसा उस समय वहां से भाग निकलने में कामयाब रहा था।
-
सटीक खुफिया इनपुट: सुरक्षा बलों को बडगाम के ऊंचाई वाले घने जंगलों में मूसा की मौजूदगी का पक्का इनपुट मिला था, जिसके बाद सेना, सीआरपीएफ और पुलिस ने पूरे इलाके की कड़ी घेराबंदी की।
घने जंगलों में हुई भीषण गोलीबारी, सुरक्षा बलों ने घेरा
भारतीय सेना की चिनार कोर (Chinar Corps) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सुरक्षा बलों ने यूसमर्ग और कोराग के सामान्य इलाके में एक संयुक्त अभियान (Search Operation) शुरू किया था।
सर्च ऑपरेशन के दौरान सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी। जब जवानों ने आतंकियों को ललकारा और सरेंडर करने को कहा, तो झाड़ियों में छिपे आतंकियों ने अंधाधुंध अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें लश्कर का यह शीर्ष कमांडर ढेर हो गया। पंजाल रेंज के घने जंगलों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है ताकि अन्य संभावित आतंकियों को भागने का मौका न मिले।
राजौरी, पुंछ और कठुआ में 12 से ज्यादा ठिकानों पर बड़ा सर्च ऑपरेशन
बडगाम एनकाउंटर के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ (CRPF) और बीएसएफ (BSF) ने राजौरी, पुंछ और कठुआ जिलों के दूर-दराज तथा पहाड़ी इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है।
-
राजौरी: कालाकोट के पीर खाना, पोथा नरोटा, अंध गांव और सुंदरबनी के ठंडा पानी व कंसार क्षेत्रों में घेराबंदी कर तलाशी ली जा रही है।
-
पुंछ: मेंढर सेक्टर के अपर कसबलारी, थेराटोपा, नागल गली, कालाबन और पटनातीर जैसे जंगलों में संयुक्त टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
-
कठुआ: पंजवारी और कठेरा के जंगली इलाकों में सुरक्षा बलों का कॉम्बिंग ऑपरेशन लगातार जारी है।
उधमपुर में रातभर चले ऑपरेशन में दो आतंकियों के सफाए के बाद अब बडगाम में लश्कर के मुख्य कमांडर फौजी मूसा का मारा जाना आतंकी संगठनों के लिए एक बहुत बड़ा झटका है। घाटी में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आतंकवाद के पूरे तंत्र को खत्म करने के लिए भारतीय सेना और सुरक्षा बल लगातार आक्रामक और सटीक ऑपरेशन्स चला रहे हैं।
Read More : Mathura में BJP की 2-दिवसीय ‘चिंतन बैठक’, CM Yogi के साथ Nitin Nabin रहेंगे मौजूद

