Bulandshahr News : भले ही गंगा के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई हो, लेकिन तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुलंदशहर के अहार क्षेत्र में गंगा के बहाव ने ऐसा कहर ढाया है कि कटान की वजह से किसानों और ग्रामीणों की नींद उड़ गई है। पिछले कुछ ही घंटों में गंगा की तेज धारा ने कई फीट जमीन और सड़क को अपने आगोश में ले लिया है।
सिद्ध बाबा घाट और सुरक्षा दीवार को भारी नुकसान
गंगा के भीषण कटान की वजह से अहार का प्रसिद्ध सिद्ध बाबा घाट बुरी तरह प्रभावित हुआ है। घाट का चबूतरा, मेला स्थल और यज्ञ स्थल कटान की चपेट में आ चुके हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि घाट तक जाने वाली करीब 150 मीटर लंबी सीसी सड़क गंगा में समा चुकी है। इतना ही नहीं, करीब 20 दिन पहले लोगों की सुरक्षा के लिए बनाई गई सुरक्षा दीवार भी तेज बहाव में बह गई है। खादर इलाके में भी किसानों की उपजाऊ जमीन तेजी से कट रही है।
अधिकारियों ने लिया स्थिति का जायजा, दिए सर्वे के आदेश
हालात की गंभीरता को देखते हुए एडीएम वित्त एवं राजस्व अभिषेक कुमार और एसडीएम स्याना लालजी विश्वकर्मा ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने सिद्ध गंगा घाट और अवंतिका देवी घाट पर पहुंचकर कटान की स्थिति का जायजा लिया। एडीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि बाढ़ और कटान से प्रभावित फसलों का तुरंत सर्वे कराया जाए। साथ ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे गंगा के गहरे पानी में न जाएं और बच्चों को किनारों से दूर रखें।
बारिश से मौसम बदला, शहर में 4 घंटे बिजली रहेगी गुल
एक तरफ जहां गंगा किनारे कटान का खौफ है, वहीं दूसरी तरफ मौसम के मिजाज में भी बदलाव देखने को मिला। जिले में बारिश और धूप-छांव का खेल चलता रहा, जिससे उमस से राहत तो मिली लेकिन सयाना नगर में जलभराव से लोगों को परेशानी हुई। इसके अलावा शहर के हाइडिल कालोनी और पुरानी जेल अंसारी रोड उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में पेड़ों की छंटाई के कारण सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी, जिससे करीब 14,500 घर प्रभावित होंगे।
Read More : अयोध्या से राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी समेत बड़े नेताओं को भेजी जाएगी खास राखी | DD News UP







