S Jaishankar Russia Visit : भारत और रूस के द्विपक्षीय संबंधों को एक नई मजबूती देने के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर 23 और 24 अगस्त 2026 को रूस के आधिकारिक दौरे पर जा रहे हैं। अपनी इस दो दिवसीय यात्रा के दौरान वे रूसी संघ के प्रथम उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव के साथ मिलकर भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग (IRIGC-TEC) के 27वें सत्र की सह-अध्यक्षता करेंगे। विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह दौरा दोनों देशों के बीच आर्थिक, वैज्ञानिक और व्यापारिक रिश्तों को और गहरा करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से होगी मुलाकात
अपनी इस यात्रा के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ एक अहम द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। इस बैठक में दोनों नेताओं के बीच कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर गहन चर्चा होगी। इससे पहले जुलाई 2026 में फिलीपींस की राजधानी मनीला में आसियान बैठकों के दौरान भी दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी, जहां भारत और रूस के बीच संबंधों की व्यापक समीक्षा की गई थी।
इन प्रमुख मुद्दों पर केंद्रित रहेगी चर्चा
इस दौरे पर भारत और रूस के बीच साझेदारी के कई अहम पहलुओं पर बात होगी। इनमें मुख्य रूप से व्यापार और निवेश, ऊर्जा और कनेक्टिविटी, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा गतिशीलता (Mobility) जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा, वैश्विक भू-राजनीतिक स्थिति, यूक्रेन संघर्ष, खाड़ी देशों के हालात और उस क्षेत्र में भारतीय नाविकों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी दोनों देशों के नेता अपने विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
क्या है आईआरआईजीसी-टीईसी और इसका इतिहास?
आईआरआईजीसी-टीईसी (IRIGC-TEC) एक ऐसा शीर्ष और संस्थागत तंत्र है, जो भारत और रूस के बीच व्यापारिक, आर्थिक, वैज्ञानिक और तकनीकी सहयोग में हुई प्रगति पर नियमित रूप से नजर रखता है। इसका गठन मई 1992 में एक द्विपक्षीय समझौते के तहत किया गया था। इस आयोग का पहला सत्र सितंबर 1994 में आयोजित हुआ था और तब से लेकर अब तक इसकी 26 सफल बैठकें हो चुकी हैं। पिछला 26वां सत्र 20 अगस्त 2025 को मॉस्को में आयोजित किया गया था।







