UP weather update: उत्तर प्रदेश में पिछले चार दिनों से मानसून रफ्तार पकड़ चुका है। रविवार के बाद सोमवार को भी राजधानी लखनऊ समेत पूर्वी और मध्य यूपी के कई हिस्सों में तेज बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग ने मंगलवार को लखनऊ समेत राज्य के लगभग 55 जिलों में भारी वर्षा और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
बरेली और प्रयागराज में जमकर बरसे बादल
प्रदेश भर में बारिश का असर साफ नजर आ रहा है। सोनभद्र में 47.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बरेली में 141 मिमी और प्रयागराज में 126 मिमी से अधिक वर्षा हुई। इसके अलावा रायबरेली, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर और अयोध्या में भी जोरदार बारिश दर्ज की गई है। बारिश के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, लेकिन गर्मी से लोगों को राहत मिली है।
राजधानी में गिरा पारा और 23 अगस्त तक का पूर्वानुमान
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिम बंगाल में बने नए कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून अधिक सक्रिय हुआ है। सोमवार को लखनऊ में दिनभर बादल छाए रहने और बारिश होने से अधिकतम तापमान गिरकर 27.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से काफी कम है। प्रदेश के करीब 40 जिलों में दिन का तापमान 35 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह दौर रुक-रुककर 23 अगस्त तक बना रहेगा।
मानसून के इस सीजन का आंकड़ा
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 से 17 अगस्त के बीच पूर्वी यूपी में सामान्य से 27 प्रतिशत कम बारिश हुई है। वहीं पश्चिमी यूपी में स्थिति बेहतर है, जहां केवल 8 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। कुल मिलाकर पूरे प्रदेश में अब तक सामान्य से 20 प्रतिशत कम बादल बरसे हैं।





