Anantapur Accident : आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और भयानक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक प्राइवेट वोल्वो बस और एक आइशर ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया और दोनों ही गाड़ियां पोगुरु पुल से सीधे नीचे जा गिरीं। इस हादसे में करीब 40 यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से 10 लोगों की हालत काफी गंभीर बनी हुई है।
पुल से नीचे गिरी बस और ट्रक, मची चीख-पुकार
जैसे ही दोनों वाहन पुल से नीचे गिरे, मौके पर भयानक चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के बाद बस और ट्रक दोनों के परखच्चे उड़ गए। आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। स्थानीय निवासियों और पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
घटना के तुरंत बाद सभी 40 घायलों को इलाज के लिए नजदीकी पमिडी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, जिन 10 यात्रियों की हालत ज्यादा नाजुक थी, उन्हें बेहतर और आपातकालीन इलाज के लिए अनंतपुर सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हादसे में बस का ड्राइवर स्टीयरिंग और केबिन के बीच बुरी तरह फंस गया था, जिसे निकालने के लिए पुलिस को जेसीबी (JCB) मशीन की मदद लेनी पड़ी। ड्राइवर के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह मंजर देखकर हर किसी की रूह कांप गई। हादसे की खबर मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या कोई तकनीकी खराबी आ गई थी। आपको बता दें कि इससे पहले विजयनगरम जिले के चेल्लुरु में भी एक तेज रफ्तार ट्रक ने वैन को टक्कर मार दी थी, जिसमें 3 लोगों की जान चली गई थी।







